हरिद्वार : डाक कांवड़ की दस्तक से पहले सुरक्षा परखने पहुंचे एडीजी डाॅ मुरुगेशन

लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने से बढ़ा दबाव
भीड़ के अनुरूप ट्रैफिक-डायवर्जन प्लान सक्रिय रखने के निर्देश
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। धर्मनगरी में कांवड़ यात्रा अपने चरम पर पहुंच गई है। लाखों की संख्या में शिवभक्त पहुंच रहे हैं और अब डाक कांवड़ की रफ्तार बढ़ने के साथ ही शहर और हाईवे पर श्रद्धालुओं व वाहनों का दबाव और बढ़ने वाला है। ऐसे में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी सिलसिले में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन पहुंचे और कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एडीजी ने सीसीआर स्थित मेला कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। सीसीटीवी कैमरों के जरिए उन्होंने हरिद्वार के प्रमुख कांवड़ मार्गों, हाईवे और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को परखा। इस दौरान एसएसपी नवनीत सिंह ने उन्हें मौजूदा यातायात प्लान, हाईवे और कांवड़ पटरी की स्थिति तथा अब तक जल उठाकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके कांवड़ियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
डाक कांवड़ के दौरान लाखों की भीड़ और बड़ी संख्या में वाहनों के एक साथ सड़कों पर उतरने की संभावना को देखते हुए एडीजी ने अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर और एसपी ट्रैफिक निशा यादव को श्रद्धालुओं और डाक कांवड़ वाहनों के दबाव के अनुरूप ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान सक्रिय रखने को कहा। एडीजी ने पार्किंग स्थलों से वाहनों की सुगम निकासी सुनिश्चित करने, प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव नियंत्रित रखने और भीड़ बढ़ने वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। कांवड़ यात्रा के चरम पर है। डाक कांवड़ की दस्तक के बीच पुलिस की तैयारियों का मकसद यही है कि शिवभक्तों का सैलाब बढ़े यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बेपटरी न हो।



