उत्तराखण्ड

ठेके कारोबारी हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़ में तीन गिरफ्तार

फरार दो आरोपियों को घेराबंदी कर दबोचा
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। रुड़की में कारोबारी अमन की हत्या के मामले में पुलिस ने महज कुछ घंटों में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हत्या के बाद से ही पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थीं। इसी दौरान रविवार तड़के मुखबिर की सूचना पर पुलिस को आरोपियों के बाइक से क्षेत्र में घूमने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपियों की घेराबंदी शुरू कर दी।

पुलिस टीम ने बाइक सवार तीन संदिग्धों का पीछा करते हुए उन्हें नगला इमरती के पास घेर लिया। टीम ने तीनों को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस कर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी मौके से भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने घेराबंदी कर फरार आरोपितों को भी दबोच लिया।
मुठभेड़ में घायल आरोपी की पहचान सौरभ पुत्र देशराज निवासी ढंडेरा के रूप में हुई। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार घायल आरोपी ने पूछताछ में अमन की हत्या में अपने दो अन्य साथियों के साथ शामिल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों की तलाश में आसपास के इलाके में व्यापक कांबिंग अभियान शुरू कर दिया। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें अलग-अलग दिशाओं में रवाना की गईं।

पुलिस ने संभावित रास्तों और ठिकानों पर निगरानी बढ़ाते हुए कांबिंग की। लगातार की गई कार्रवाई के बाद पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान अर्पित सैनी पुत्र कुलबीर सैनी निवासी ग्राम ठसका कोतवाली मंगलौर व दीप यादव पुत्र जोगिंदर यादव निवासी मातावाला हसनबाग कस्बा लंढौरा कोतवाली मंगलौर के रूप में हुई है। ठेके कारोबारी अमन हत्याकांड में पुलिस ने घायल आरोपी सौरभ समेत तीनों आरोपियों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। पुलिस अब तीनों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में हत्या के पीछे की वजह, वारदात की पूरी साजिश, इस्तेमाल किए गए हथियार और घटना से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

हत्या के बाद से पुलिस ने बढ़ाई थी सक्रियता
ठेके कारोबारी की हत्या की घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की थीं। पुलिस टीमें लगातार संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। इसी कार्रवाई के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पुलिस के लिए अहम साबित हुई और बाइक सवार तीनों संदिग्ध पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस वारदात में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद करने के प्रयास में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button