कुंभ की तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश

एडीजी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने तैयारियों की समीक्षा की। सीसीआर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में उन्होंने अब तक की गई तैयारियों और प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले जैसे विशाल आयोजन को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।
समीक्षा बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला-2027 आयुष अग्रवाल ने अब तक की गई तैयारियों और भविष्य की कार्ययोजना का प्रस्तुतिकरण किया। एडीजी ने कुंभ की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, आपातकालीन योजनाओं, संचार व्यवस्था, डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल और चरणवार पुलिस बल की तैनाती को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सीमावर्ती जनपदों और संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय बनाकर तैयारियों को आगे बढ़ाया जाए, ताकि आयोजन के दौरान किसी भी चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने कहा कि धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से कुंभ मेला विश्व का सबसे बड़ा आयोजन है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक के बाद एडीजी ने अधिकारियों के साथ कुंभ मेला क्षेत्र का भौतिक निरीक्षण कर मौके पर चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने एटीसी पहुंचकर कुंभ मेला प्रशिक्षण ले रहे जवानों से संवाद किया और प्रशिक्षण की जानकारी लेते हुए प्रशिक्षित स्टाफ व अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. नीलेश आनंद भरणे, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी कुंभ मेला आयुष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक अभिसूचना मणीकांत मिश्रा, पुलिस अधीक्षक एटीएस सरिता डोभाल, पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव तथा पुलिस अधीक्षक जीआरपी अरुणा भारती समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



