भारतीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से की मुलाकात
लंदन। भारतीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज लंदन में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से मुलाकात की। उन्होंने यह मुलाकात ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के राजकीय अंतिम संस्कार शुरू होने से पहले की। राष्ट्रपति मुर्मु महारानी एलिजाबेथ के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए ब्रिटेन की तीन दिवसीय यात्रा पर गई हैं। राष्ट्रपति ने लंदन के वेस्टमिंस्टर हाल में दिवंगत आत्मा को अपने और भारत के लोगों की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की।
राष्ट्रपति भवन ने ट्वीट किया, ‘राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बंग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी बहन शेख रेहाना से मुलाकात की। उन्होंने यह मुलाकात महारानी के राजकीय अंतिम संस्कार शुरू होने से पहले की।’ इससे पहले राष्ट्रपति ने बकिंघम ब्रिटेन के नए किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात की थी। किंग चार्ल्स से मुलाकात के बाद द्रौपदी मुर्मु ने महारानी एलिजाबेथ को श्रद्धांजलि दी और उनकी स्मृति में शोक पुस्तक पर हस्ताक्षर किए।