पूरे देश में नए साल का उत्सव, कहीं आतिशबाजी तो कहीं थिरकते दिखे लोग

नई दिल्ली । भारत में नए साल 2026 का आगाज हो चुका है। दुनियाभर में भी नए साल का उत्सव जारी है। लोग अलग-अलग तरीकों से नए साल के जश्न का आनंद ले रहे हैं। शहरों में रंग-बिरंगी रोशनी, आतिशबाजी और संगीत के साथ लोग नए साल का जश्न माना रहे हैं। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में नववर्ष 2026 के स्वागत के अवसर पर आतिशबाजी से रात का आसमान जगमगा उठा।
नए साल के जश्न के लिए इस बार भी चमोली जनपद के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है. ब्रह्मताल, औली, रामनी से लेकर लार्ड कर्ज़न ट्रेक रूट तक हर जगह पर्यटक पहुंच रहे हैं. विश्व प्रसिद्ध औली और टिम्मरसैंण में तो बड़ी संख्या में पर्यटकों की आवाजाही देखने को मिल रही है, जिससे पुलिस और प्रशासन को यातायात व्यवस्था संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है. हालांकि, इस बार औली में बर्फबारी न होने के कारण पर्यटकों के चेहरे पर मायूसी साफ झलक रही है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की कि नए साल में शहर के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में स्थित सावदा घेवरा में नागरिकों को अपने फ्लैट की चाबियां मिलनी शुरू हो जाएंगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र लाभार्थियों को रहने के लिए तैयार आवास आवंटित करने की सरकार की पहल, जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने और गरीबों के लिए शहर में जीवन को सुगम बनाने के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के प्रयासों का हिस्सा है. इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) से संबंधित 2,500 परिवारों का भला हो सकेगा।
नए साल से पहले माता वैष्णो देवी में श्रद्धालुओं का सैलाब
नए साल के आगमन से पहले माता वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है. कटरा स्थित दर्शनी ड्योढ़ी पर बड़ी संख्या में तीर्थयात्री माता के दर्शन के लिए एकत्रित हो रहे हैं. देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालु माता रानी के जयकारों के साथ भक्ति में लीन नजर आ रहे हैं. पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो गया है।
साल 2025 खत्म होने को है और नए साल 2026 के स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं. बॉलीवुड सितारे सोशल मीडिया और इंटरव्यू में अपने न्यू ईयर प्लान शेयर कर रहे हैं. इसी सिलसिले में अभिनेत्री सैयामी खेर ने भी बताया कि वह नए साल का स्वागत परिवार की पुरानी परंपराओं के साथ करेंगी. फिटनेस लवर सैयामी दिन की शुरुआत एक लंबी दौड़ से करेंगी, उसके बाद अपनों के साथ कैंपिंग, बारबेक्यू और मस्ती का प्लान है. अभिनेत्री सैयामी खेर नए साल की शुरुआत परिवार और दोस्तों के साथ घर पर समय बिताकर करेंगी. उनका मानना है कि नया साल अपनों के साथ मनाना सबसे खास होता है. परिवार की परंपरा को निभाते हुए वह पहले दिन की शुरुआत एक लंबी दौड़ से करेंगी।
महाराष्ट्र के पुणे में बड़ी संख्या में लोगों ने गुब्बारे उड़ाकर उत्साह और खुशी के साथ नए साल का स्वागत किया। कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में नववर्ष 2026 के स्वागत के अवसर पर आतिशबाजी से रात का आसमान जगमगा उठा। गुरुग्राम में लोगों ने आतिशबाजी और जश्न के साथ नए साल 2026 का स्वागत किया।
नए साल को लेकर उत्साह
नए साल के आगमन को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. बाजारों में रौनक बढ़ गई है, मॉल और रेस्टोरेंट्स में भीड़ उमड़ रही है. लोग अपने घरों को सजाने, पार्टी प्लान करने और दोस्तों-परिजनों को शुभकामनाएं भेजने में व्यस्त हैं. होटल और रिज़ॉर्ट्स में एडवांस बुकिंग्स तेज़ी से हो रही हैं, जबकि शहर के प्रमुख इलाकों में लाइटिंग और डेकोरेशन से माहौल पूरी तरह त्योहार जैसा बन गया है।




