केदारनाथ से श्रद्धालुओं को लेकर लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, 7 लोगों की मौत

रुद्रप्रयाग । उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग के गौरीकुंड क्षेत्र में रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ है। केदारनाथ रूट पर आर्यन कंपनी का एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हेलिकॉप्टर में सवार सभी सातों लोगों की मौत हो गई, मृतकों में 23 महीने की बच्ची भी है। कैप्टन की भी हादसे में मौत हुई है। हादसे के बाद अगले आदेश तक हेलिकॉप्टर सेवा रोक दी गई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब सुबह 5.30 बजे आर्यन कंपनी का हेलिकॉप्टर गौरीकुंड क्षेत्र में क्रैश हो गया। हेलिकॉप्टर गौरी माई खर्क से ऊपर जंगल में गिरा है। हेलिकॉप्टर के क्रैश होने की वजह खराब मौसम बताई जा रही है। हेलिकॉप्टर केदारनाथ धाम से गुप्तकाशी जा रहा था।
हेलिकॉप्टर नोडल अधिकारी राहुल चौबे और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने हेलिकॉप्टर के क्रैश होने की पुष्टि की है। गौरीकुंड के ऊपर घास काट रही नेपाली मूल की महिलाओं ने हेलिकॉप्टर क्रैश होने की सूचना दी थी।
जानकारी के अनुसार, दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों में एक दंपती और उनकी 23 महीने की बच्ची भी शामिल है, जयसवाल परिवार महाराष्ट्र का बताया जा रहा है। जबकि दो लोग स्थानीय भी बताए जा रहे हैं। विनोद नेगी और विक्रम सिंह रावत शामिल हैं। विक्रम सिंह रावत बीकेटीसी के कर्मचारी थे।
मृतकों की पहचान राजकुमार जयसवाल, श्रद्धा जयसवाल, काशी जयसवाल, तुष्टि सिंह, विनोद नेगी, विक्रम सिंह रावत और कैप्टन राजीव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए लोगों के शव बुरी तरह से जल गए।




