चम्पावत के विधायक गहतोड़ी ने ऋतु ऋतु दिया त्यागपत्र, कहा- मुख्यमंत्री धामी के लिए छोड़ रहे हैं सीट

देहरादून: चम्पावत के भाजपा विधायक कैलाश चंद्र गहतोड़ी ने विधानसभा सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने त्यागपत्र विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण को सौंपा, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। गहतोड़ी ने कहा कि वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए सीट छोड़ रहे हैं। सीट छोडऩे के पीछे उनका कोई निजी स्वार्थ नहीं है। वह केवल क्षेत्र व प्रदेश का विकास चाहते हैं। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि पार्टी जल्द गहतोड़ी के लिए कोई भूमिका तय करेगी। देर शाम विधानसभा ने चम्पावत विधानसभा सीट को रिक्त घोषित कर दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए चम्पावत के विधायक कैलाश गहतोड़ी पहले ही सीट छोडऩे की पेशकश कर चुके थे। इंतजार भाजपा केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से हरी झंडी मिलने का था। केंद्रीय नेतृत्व से सहमति मिलने के बाद गुरुवार सुबह विधायक कैलाश गहतोड़ी विधानसभा अध्यक्ष के यमुना कालोनी स्थित आवास पर पहुंचे। यहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास व सौरभ बहुगुणा पहले से ही मौजूद थे। यहां उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को त्यागपत्र सौंपा। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में कैलाश गहतोड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ऊर्जावान हैं। छह माह पहले जब चुनावी आकलन चल रहा था, उस समय भाजपा कुछ पिछड़ती नजर आ रही थी।