Uncategorizedदेशराजनीति

कांग्रेस पार्टी को आज 24 वर्ष बाद मिलेगा नया गैर-गांधी अध्यक्ष

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी को आज नया अध्यक्ष मिलना तय है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए आज मतगणना होगी और इसी के साथ 24 साल बाद नेहरू-गांधी परिवार के बाहर का कोई नेता देश की सबसे पुरानी पार्टी का अध्यक्ष चुना जाएगा।पूर्व केंद्रीय मंत्री मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर मैदान में हैं। सूत्रों ने बताया कि मतगणना बुधवार सुबह 10 बजे से शुरू होगी और उसके लिए  सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

तीन से चार बजे के बीच परिणाम घोषित होने की संभावना
नया अध्यक्ष सोनिया गांधी की जगह लेगा, जो 2019 के लोकसभा चुनावों में पार्टी की हार के बाद राहुल गांधी के पद से हटने के बाद अंतरिम अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। दोपहर तीन से चार बजे के बीच परिणाम घोषित होने की संभावना है। मल्लिकार्जुन खड़गे को चुनाव जीतने के प्रबल दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि दोनों पक्ष के पांच एजेंट मतगणना की निगरानी करेंगे जबकि दोनों पक्षों के दो एजेंटों को रिजर्व में रखा जाएगा।

प्रदेश मुख्यालय से मतपेटियां कांग्रेस कार्यालय में मतगणना स्थल पर पहुंच गई हैं। चुनाव प्राधिकरण के एक पदाधिकारी ने कहा कि देश के सभी मतदान केंद्रों से मतपेटियां कांग्रेस मुख्यालय लाई गईं हैं। इन्हें कांग्रेस मुख्यालय के भीतर बने स्ट्रॉन्ग रूम में रखा गया है। मतगणना पार्टी मुख्यालय में ही होगी। माना जा रहा है कि मतगणना के मौके पर दोनों उम्मीदवारों के एजेंट के अलावा उनके समर्थक भी कांग्रेस मुख्यालय पहुंचेंगे।

छठी बार अध्यक्ष पद के लिए हुआ चुनाव 
कांग्रेस के करीब 9900 डेलीगेट्स पार्टी प्रमुख चुनने के लिए मतदान करने के पात्र थे। कांग्रेस मुख्यालय समेत लगभग 68 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ था। कांग्रेस पार्टी के 137 साल के इतिहास में छठी बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश के मुताबिक, अध्यक्ष पद के लिए अब तक 1939, 1950, 1977, 1997 और 2000 में चुनाव हुए हैं। इस बार पूरे 22 वर्षों के बाद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ है। उन्होंने बताया कि इस चुनाव से 24 साल बाद गांधी परिवार के बाहर कोई नेता देश की सबसे पुरानी पार्टी का अध्यक्ष चुना जाएगा। इससे पहले सीताराम केसरी गैर-गांधी अध्यक्ष रहे थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button