उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

भाजपा कार्यकर्ता की हत्या से सांप्रदायिक बबाल, आरोपी के घर पर चला बुलडोजर

फोन नहीं उठाते, किसी का भी प्रमोशन नहीं होने दूंगा : चौहान

विकासनगर। सहसपुर क्षेत्र स्थित बैरागीवाला गांव में शनिवार को पानी के विवाद ने अचानक सांप्रदायिक हिंसक रूप ले लिया। सरकारी ट्यूबवेल से खेतों में सिंचाई के दौरान शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि भाजपा से जुड़े एक कार्यकर्ता की जान चली गई, जबकि उसके दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और देर रात तक विरोध-प्रदर्शन, नारेबाजी तथा सड़क जाम का दौर चलता रहा। आरोपी के घर पर प्रशासन ने बुलडोजर से उसका घर धराशाई कर दिया है l

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार, बैरागीवाला निवासी विनोद कश्यप (43), उनके भाई राजेश और अशोक सरकारी ट्यूबवेल से अपने खेत में पानी दे रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी खेत के मालिक इम्तियाज ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद की सूचना मिलने पर रज्जाक, अमन, यूनूस, अनीस समेत 20 से 25 लोग मौके पर पहुंच गए और तीनों भाइयों पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने धारदार हथियारों और हथौड़ों से हमला किया।

गंभीर रूप से घायल भाजपा कार्यकर्ता विनोद कश्यप को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके दोनों भाई अस्पताल में उपचाराधीन हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। शुरूआती जांच में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि विनोद कश्यप और उनके भाइयों ने गांव के पूर्व प्रधान इस्तिपाक के कार्यकाल में विकास कार्यों से जुड़ी जानकारियां आरटीआई के माध्यम से मांगी थीं। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच कई बार विवाद और तनाव की स्थिति बन चुकी थी। पुलिस इस एंगल को भी जांच का हिस्सा बना रही है।

सूत्रों के अनुसार विनोद कश्यप पूर्व में बीडीसी चुनाव भी लड़ चुके थे और स्थानीय स्तर पर भाजपा से सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चलता आ रहा था और शनिवार को वही तनाव खूनी संघर्ष में बदल गया।

भाजपा कार्यकर्ता की मौत की खबर फैलते ही बैरागीवाला गांव में भारी संख्या में लोग जुटने लगे। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रेमनगर-पांवटा पुराने हाईवे पर जाम लगा दिया। देर रात तक सड़क पर प्रदर्शन, नारेबाजी और विरोध जारी रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब आरोपी पक्ष के घर के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। भीड़ द्वारा पथराव किए जाने और घर में घुसने की कोशिशों की भी सूचना है।

पुलिस ने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। घटना के विरोध में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के साथ-साथ उनके मकानों पर बुल्डोजर कार्रवाई की मांग उठाई। जाम और प्रदर्शन के चलते क्षेत्र में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इसके बाद प्रशासन की टीम ने आरेापी के घर को जेसीबी से तुड़वाया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सहसपुर, विकासनगर, प्रेमनगर समेत आसपास के कई थानों की पुलिस और अतिरिक्त फोर्स को तैनात किया गया। पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं एसपी ग्रामीण पंकज गैरोला ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

युवक की हत्या सभी के लिए आघात की बात : तोगड़िया
विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने घटना पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि एक समुदाय की ओर से युवक की हत्या सभी के लिए आघात की बात है। उन्होंने कहा कि कभी दिल्ली में हमारा बेटा तरुण तो कभी गाजियाबाद में सूर्या और बैरागीवाला में विनोद मारा जाता है। उन्होंने कहा कि लगता है देश में हिंदू सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि पुलिस हमला करने वाले सभी आरोपियों को पकड़कर फाॅस्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर फांसी की सजा दिलवाएगी। उन्होंने सभी हिंदुओं का आह्वान किया कि शांत लोकतांत्रिक पद्धति से अपने घर में लोहे की पाइप, हॉकी, त्रिशूल रखें। एक हिंदू के लिए अनेक हिंदू खड़े हो जाएं और मृतक के परिवार की आर्थिक चिंता हम सभी मिलकर करें।  

फोन नहीं उठाते, किसी का भी प्रमोशन नहीं होने दूंगा : चौहान
हत्या के बाद विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान बैरागीवाला गांव में पहुंचे। उन्होंने घटना पर कड़ी नाराजगी जताई। इस दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि कोतवाली और थानों में अधिकारी फोन नहीं उठाते हैं। उसने बताया कि आदूवाला में भी एक गंभीर मामला सामने आया था। उन्होंने कोतवाली में फोन किया लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि जब कोतवाली थानों में फोन नहीं उठाते हैं तभी इस तरह की घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि वह सुनिश्चित करेंगे कि क्षेत्र के किसी भी अधिकारी की पदोन्नति नहीं हो।  

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button