उत्तराखण्डकरिअर

शोषण के खिलाफ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ ने बुलंद की आवाज

27 और 28 अक्टूबर को टिहरी में होगा प्रदेश द्विवार्षिक अधिवेशन
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ की बैठक शुक्रवार को बहादराबाद स्थित पुस्तकालय विभाग में जिलाध्यक्ष संजय यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री जंबू प्रसाद ने किया। बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न मांगों के निस्तारण, जनपद स्तर पर कर्मचारियों के उत्पीड़न एवं शोषण से जुड़े मामलों तथा आगामी प्रदेश द्विवार्षिक अधिवेशन की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
महासंघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों का किसी भी स्तर पर उत्पीड़न और शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। प्रदेश महामंत्री जंबू प्रसाद, स्वास्थ्य सेवाएं उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश लखेड़ा, जिलाध्यक्ष संजय यादव और मंत्री विनोद कुमार ने कहा कि महासंघ कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी कर्मचारी के साथ अन्याय होने पर महासंघ उसके साथ खड़ा रहेगा और संबंधित अधिकारियों के समक्ष समस्या उठाकर उसके निस्तारण का प्रयास करेगा। उन्होंने कर्मचारियों से एकजुट रहने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
पदाधिकारियों ने बताया कि महासंघ का प्रदेश द्विवार्षिक अधिवेशन 27 और 28 अक्टूबर 2026 को जनपद टिहरी में आयोजित किया जाएगा। अधिवेशन को सफल बनाने के लिए हरिद्वार जनपद के कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी करने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि अधिवेशन में एकजुटता के साथ शामिल होकर कर्मचारी अपनी संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन करें। अधिवेशन में शामिल होने के इच्छुक कर्मचारी अपने नाम शीघ्र महासंघ को भेजें। कर्मचारियों को अधिवेशन में प्रतिभाग करने के लिए अवकाश दिलाने के संबंध में शासन को पत्राचार किया जा चुका है। पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस संबंध में आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में कर्मचारियों की वेतन संबंधी मांगों पर भी चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष दिनेश लखेड़ा और प्रदेश महामंत्री जंबू प्रसाद ने बताया कि 4200 ग्रेड पे की मांग को लेकर मुख्य सचिव के समक्ष पक्ष रखा गया है। साथ ही वाहन चालकों की तर्ज पर स्टाफिंग पैटर्न लागू करने का अनुरोध किया गया है। पदाधिकारियों के अनुसार, इन मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिला है। इसके अतिरिक्त डाउनग्रेड पे से संबंधित लंबित फाइल में भी जल्द संशोधन होने की उम्मीद जताई गई। उन्होंने कर्मचारियों से धैर्य बनाए रखने और अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर प्रयास जारी रखने की अपील की।
बैठक में महासंघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि कर्मचारियों के उत्पीड़न एवं शोषण के खिलाफ आवाज उठाने के साथ उनकी जायज मांगों के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखा जाएगा। साथ ही प्रदेश अधिवेशन को सफल बनाने के लिए सभी कर्मचारियों से सहयोग करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर जंबू प्रसाद, दिनेश लखेड़ा, संजय यादव, दिवेश कुमार, विनोद कुमार, राम प्रसाद, शिव कुमार, दीपक, हर्ष चौहान, आदेश, गजेंद्र सिंह, शेर सिंह, राकेश गिरी, शिव ओम, गजेंद्र, सुकलेश कुमार, योगेंद्र, मदन, रीता, आरती, कमला, राकेश, विक्की, मनीष, बिंदु, बबीता, रानी, सुशीला, गजराज सिंह, मनोज, सुभाष, शिवम, बालम सिंह नेगी, जितेंद्र सिंह, सुरेंद्र कुमार और दीवान राम सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button