अमेठी: गायत्री प्रजापति पर हमले से नाराज हुए समर्थक, योगी सरकार पर उठाए सवाल

अमेठी । वर्ष 2017 से जेल में बंद सपा सरकार में पूर्व मंत्री रहे गायत्री प्रसाद प्रजापति पर मंगलवार रात जेल के अंदर जानलेवा हमला हुआ। इस घटना के बाद अमेठी में उनके समर्थकों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। बुधवार सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग उनके आवास और कार्यालय पर एकत्र हो गए और सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
अमेठी स्थित आवास और कार्यालय पर जुटे समर्थकों में अशोक यादव, रामटहल वर्मा, विद्यासागर, सपा विधानसभा अध्यक्ष शंभू यादव, सुमन कश्यप और वीरू यादव शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में जेल प्रशासन और राज्य सरकार की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि जब जेल जैसी सुरक्षित जगह में हमला हो सकता है तो आम आदमी कैसे सुरक्षित रहेगा? पूर्व मंत्री पर हमला किसी साजिश का हिस्सा है।
आरोप लगाया कि हमले में हथियार का इस्तेमाल हुआ जो ये दर्शाता है कि यह एक सुनियोजित हमला था। समर्थकों ने गायत्री प्रजापति को अमेठी और पिछड़े वर्ग का मसीहा बताते हुए कहा कि सरकार तत्काल इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराए और पूर्व मंत्री को जेल से बाहर निकालकर सुरक्षा और न्याय दिलाए।


