उत्तरप्रदेश
अमेठी: गांव की खराब हाईमास्ट लाइट ठीक करते समय लगा करंट, अधेड़ की मौत…
तीन युवक झुलसे] अस्पताल में भर्ती

अमेठी। यूपी के अमेठी में शुक्रवार को गांव की खराब हाईमास्ट लाइट ठीक करते समय चार लोगों को करंट लग गया। इससे अधेड़ की मौत हो गई। जबकि, तीन युवक झुलस गए। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
घटना जामो कोतवाली क्षेत्र के पूरे जुम्मन मजरे दूरामऊ की है। यहां लगी हाईमास्ट लाइट खराब हो गई थी। सुबह करीब 11 बजे गांव के ही मो. आजाद उर्फ राजू (50), सूरज, धर्मेंद्र व राम प्रकाश वर्मा लाइट ठीक करने के लिए उसे खोल रहे थे। इसी दौरान पोल बगल से जा रही 11 हजार की लाइन से छू गया।
पोल में एचटी लाइन का करंट आने से सभी लोग झुलस गए। परिजन व ग्रामीण, ग्राम प्रधान अमर बहादुर सिंह की मदद से सभी को आनन फानन लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां जांच के बाद डाक्टरों ने मो. आजाद को मृत घोषित कर दिया। बाकी का इलाज किया गया।
सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर विनोद सिंह ने बताया कि अभी तक किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज करके आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




