सुशासन के आधार पर मांगेंगे जनादेश: राम माधव

धामी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
भट्ट ने केंद्र को दिलाया लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का भरोसा
देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठन को पूरी तरह चुनावी मोड में लाने का संकेत दे दिया है। प्रदेश मोर्चों और प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठक में पार्टी ने लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के साथ 60 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य दोहराया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव ने कार्यकर्ताओं से अगले चार से छह माह को राजनीतिक दृष्टि से निर्णायक मानते हुए सरकार की उपलब्धियों के आधार पर सीधे जनता से संवाद करने का आह्वान किया।

प्रदेश प्रभारी राम माधव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने सुशासन को चुनावी रणनीति का आधार बनाया है और उत्तराखंड में भी इसी मॉडल के आधार पर जनता के बीच जाने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में सरकार ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में काम किया है, जबकि संगठन भी पहले से अधिक मजबूत हुआ है। अब कार्यकर्ताओं को अपनी कार्यप्रणाली चुनाव के अनुरूप बदलते हुए लक्षित परिणाम के लिए जुटना होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार के जनसंपर्क अभियान का हवाला देते हुए कहा कि दो चरणों में करीब 6.5 लाख लोग इससे जुड़े हैं और जल्द तीसरा चरण शुरू किया जाएगा। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि राज्य में खनन राजस्व एक वर्ष में 800 करोड़ से बढ़कर 1200 करोड़ रुपये से अधिक हुआ है। 13 हजार एकड़ से ज्यादा भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, राज्य के बजट के एक लाख करोड़ रुपये से पार पहुंचने और होटल व होम स्टे कारोबार में वृद्धि का भी उन्होंने उल्लेख किया।धामी ने विपक्ष विशेषकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राज्य सरकार के खिलाफ गलत नैरेटिव बनाने का प्रयास कर रही है।
बैठक में प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने मोर्चों और प्रकोष्ठों को चुनावी रणनीति की अहम कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि मोर्चे पार्टी की अग्रिम इकाई के रूप में राजनीतिक मोर्चे पर काम करते हैं, जबकि प्रकोष्ठ अलग-अलग सामाजिक वर्गों के बीच पार्टी की रणनीति को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कार्यकर्ताओं को संपर्क, संवाद, समन्वय और सहयोग के मूल मंत्र के साथ चुनाव में जुटने को कहा।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को बूथ स्तर तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने बूथ और शक्ति केंद्र स्तर तक मोर्चों एवं प्रकोष्ठों को सक्रिय करने पर जोर दिया। बैठक में भाजपा के सातों मोर्चों—युवा, महिला, किसान, एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक—के अध्यक्षों ने अपने-अपने कार्यक्रमों की रिपोर्ट पेश की। पार्टी के 22 प्रकोष्ठों की संगठनात्मक गतिविधियों की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई।




