उत्तराखण्डदेशराजनीति

कांग्रेस ने दी पूर्व पीएम पंडित जवाहर लाल नेहरू को श्रद्धांजलि

– कुछ विरोधी ताकतें नेहरू की स्मृतियों को मिटाना चाहती है: माहरा
– आधुनिक भारत के निर्माता हैं पंडित नेहरू: हीरा सिंह बिष्ट

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री भारत रत्न पंडित जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने आज उनके चित्र पर पुष्प करते हुए उनका स्मरण किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय देहरादून में प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने जवाहर लाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धा पूर्वक याद करते हुए ’’भारत निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

करन ने नेहरू के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नेहरू द्वारा स्वतंत्रता संग्राम के दौरान किये त्याग और योगदान पर हमें गर्व है। उन्होंने प्रगतिशील, धर्मनिरपेक्ष और आधुनिकि भारत की जो आधारशिला रखने में योगदान दिया उसके लिए हम सब भारतवासी उन्हें कृतज्ञता से याद करते हुए नमन करते हैं। उनके पंचशील के सिद्धांत आज भी पूरी दुनिया को शांति का संदेश देते हैं। उन्होंने संसदीय लोकतंत्र के इतिहास में समाजवाद, लोकतंत्र व नियोजन का नया प्रयोग किया था जिससे पूरे विश्व में लोकतंत्र की बयार कोे नई दिशा मिली थी।

उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करते हुए भारत के औद्योगिक विकास की मजबूत नींव खड़ी की थी। आजाद भारत की मजबूत अर्थ व्यवस्था की बुनियाद उनके कुशल नेतृत्व व दूरदृष्टि व विकास की सोच के कारण ही पड़ पाई थी। उन्होंने पूरे विश्व में भारत के विकास का एक नया मॉडल प्रस्तुत किया था। आज भी उन्हें पूरे विश्व में मिश्रित अर्थ व्यवस्था का जनक माना जाता है।

उन्होंने कहा कि जवाहर लाल नेहरू एवं उनके द्वारा किये गये कार्यों तथा उनकी स्मृतियों को मिटाने के लिए कुछ शक्तियां काम कर रही हैं। हमें उनके इस कुप्रयास का जवाब देना है। उन्होंने कहा कि जो लोग आज भारत की राजनीति से कांग्रेस को मुक्त करने का सपना देख रहे थे आज व स्वयं मुक्त होने जा रहे हैं।

करन माहरा ने कहा कि पण्डित नेहरू के 12 विचार आज के भारत निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देते हैं। उन्होंने कहा था कि नागरिकता देश की सेवा में होती हैं। संस्कृति मन और आत्मा का विस्तार है। लोकतंत्र अच्छा है. मैं ऐसा इसलिए कहता हूं क्योंकि अन्य प्रणालियां इससे बदतर हैं। संकट में हर छोटी सी बात का महत्व होता है। तथ्य, तथ्य हैं और किसी की पसंद से गायब नहीं होते हैं। विफलता तभी होती है जब हम अपने आदर्शों, उद्देश्यों और सिद्धांतों को भूल जाते हैं।

एक महान कार्य में लगन और कुशल पूर्वक काम करने पर भी, भले ही उसे तुरंत पहचान न मिले, अंततः सफल जरूर होता है। लोगों की कला उनके मन का सही दर्पण है। एक पूंजीवादी समाज की शक्तियों को अगर अनियंत्रित छोड़ दिया जाए, तो वे अमीर को और अमीर तथा गरीब को और गरीब बना देती हैं। वह व्यक्ति जिसे वो सब मिल जाता है जो वो चाहता था, वह हमेशा शांति और व्यवस्था के पक्ष में होता है। शांति के बिना अन्य सभी सपने गायब हो जाते हैं और राख में मिल जाते हैं तथा आप दीवार के चित्रों को बदल कर इतिहास के तथ्यों को नहीं बदल सकते हैं।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माता नेहरू बहुलतावादी समाज, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय तथा साझा समृद्धि के लिए राष्ट्र के संसाधनों पर समान अधिकार और अवसर के पक्षधर थे। उन्होंने भारत की एकता, सम्प्रभुता और अखण्डता को अक्षुण्ण बनाये रखने तथा विभाजनकारी विचारधारा की राजनैतिक शक्तियों का मुकाबला करने का मार्ग दिखाया तथा गुटनिरपेक्ष आन्दोलन का सूत्रपात किया तथा विश्व के राष्ट्रों में भारत के गौरव को बढ़ाकर विश्व नेतृत्व की भूमिका में खड़ा किया। हमे उनके दिखाये मार्ग पर चलकर साम्प्रदायिकता, घृणा और हिंसा को बढ़ावा देने का काम करने वाली शक्तियों का डटकर मुकालबा करना है।

इस असवर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष संगठन मथुरा दत्त जोशी ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरु का स्मरण कर उन्हें भावभीनी श्रद्वासुमन अर्पित करते हुए कहा कि आज हम सबको पंडित जवाहर लाल नेहरू के बताये हुए रास्ते में चलकर देश को प्रगति की ओर ले जाने का काम करना है। यही उन्हें सच्ची श्रद्वाजंलि होगी।

महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पं जवाहर लाल नेहरू के नेतृत्व में सत्ता के लगभग 50 वर्षों के सफर में भारत वर्ष को दुनियां के सामने एक ताकतवर शक्ति के रूप में खड़ा करने का काम किया है परन्तु आज सत्ता में बैठी ताकतें देश के ’’सर्वधर्म संभाव’’ को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी जी के नेतृत्व में उसका डट कर मुकाबला करना है।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष संगठन मथुरा दत्त जोशी, महामंत्री नवीन जोशी, गोदावरी थापली, महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसवन्दिर सिंह गोगी, प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, महामंत्री राजेन्द्र शाह, प्रवक्ता सुनीता प्रकाश, राजेश चमोली, मोहन काला, आशीष नौटियाल, सुलेमान अली, आईटी सेल के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, गोपाल सिंह गडिया, गुल मोहम्मद, दिनेश व्यास ललित भद्री, उदयवीर पंवार, अनुराधा तिवाडी सविता थापा सुदेश, अर्जुन पासी आदि उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button