उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में अगले 48 घंटे हीट वेव का अलर्ट, 22-23 मई को बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

देहरादून । भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम केंद्र देहरादून के निदेशक डॉक्टर सी.एस. तोमर ने बताया कि उत्तर भारत के साथ-साथ उत्तराखंड में भी पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। खासतौर पर 15-16 मई के बाद गर्मी का असर अधिक देखने को मिला है।

उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के मैदानी इलाकों में कई स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान 30 डिग्री के करीब दर्ज किया गया। अगले एक-दो दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने इन परिस्थितियों को देखते हुए अगले 48 घंटों के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। हरिद्वार, देहरादून, उधम सिंह नगर, नैनीताल, पौड़ी तथा उत्तरकाशी के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर अधिक रहने की संभावना है।

डॉ. तोमर के अनुसार 48 घंटे बाद तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। इसके बाद पर्वतीय जिलों में मौसम करवट ले सकता है। उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने 22 और 23 मई के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। इस दौरान कई स्थानों पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से गर्मी के दौरान सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button