उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज का प्रकटोत्सव सादगी व श्रद्धाभाव से मनाया गया

देहरादून । श्री गुरु राम राय जी महाराज, देहरादून के सज्जादानशीन एवं गद्दीनशीन पूजनीय श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज का 26वां प्रकटोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ सादगीपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री दरबार साहिब पहुंचे और श्री महाराज जी से आशीर्वाद प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फोन पर श्री महाराज जी को प्रकटोत्सव की शुभकामनाएं दीं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने श्री दरबार साहिब पहुंचकर श्री महाराज जी से आशीर्वाद लिया और जन्मदिवस की बधाई दी।

प्रकटोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं ने श्री झंडा साहिब पर मत्था टेका और विशेष पूजा-अर्चना में भाग लिया। श्री दरबार साहिब परिसर में प्रेम, सेवा और समर्पण भाव के साथ प्रसाद वितरण किया गया।

गौरतलब है कि 10 फरवरी 2000 को ब्रह्मलीन पूजनीय श्रीमहंत इन्दिरेश चरण दास जी महाराज ने श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज को अपना शिष्य स्वीकार कर दीक्षा प्रदान की थी। तभी से यह दिन श्री महाराज जी के प्रकटोत्सव के रूप में श्रद्धाभाव से मनाया जाता है। 25 जून 2000 को वे दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज, देहरादून में सज्जादानशीन के रूप में गद्दीनशीन हुए।

इस अवसर पर श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कहा कि सेवाधर्म ही सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने गुरु महिमा का स्मरण करते हुए कहा कि गुरु अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाने वाला होता है। उन्होंने राज्य, देश और समस्त श्रद्धालुओं के प्रति मिले स्नेह और विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया।

श्री महाराज जी ने कहा कि एसजीआरआर मिशन उत्तराखंड के सुदूर और पर्वतीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापरक शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल मानवीय संवेदना के साथ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है, वहीं श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय समाज के प्रत्येक वर्ग तक उच्च शिक्षा पहुंचाने का कार्य कर रहा है।

प्रकटोत्सव के अवसर पर उत्तर भारत में संचालित श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूलों के छात्र-छात्राएं, स्टाफ सदस्य, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के चिकित्सक एवं कर्मचारी, शहर के गणमान्य नागरिकों सहित उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान तथा देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने श्री महाराज जी से आशीर्वाद लिया। बधाई देने का क्रम देर शाम तक चलता रहा। श्रद्धालुओं के लिए मिष्ठान और लंगर की विशेष व्यवस्था की गई।

श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के ब्लड बैंक, श्री महाकाल सेवा समिति एवं एसजीआरआर पीजी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में श्री दरबार साहिब परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 65 यूनिट रक्तदान हुआ।
शिविर को सफल बनाने में श्री महाकाल सेवा समिति के अध्यक्ष रोशन राणा एवं उनकी टीम, ब्लड बैंक कोऑर्डिनेटर अमित चंद्र तथा एसजीआरआर पीजी कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष बलबीर कुंवर का विशेष सहयोग रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button