उत्तराखण्ड

निठारी कांड के आरोपी रहे सुरेंद्र कोली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

चाय की दुकान में फांसी पर लटका मिला शव
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। देशभर में चर्चित निठारी कांड के आरोपित रहे सुरेंद्र कोली ने हरिद्वार में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। कोली कुछ दिन से हरिद्वार में चाय बेचने का काम कर रहा था। उसका शव चाय की दुकान में रस्सी के सहारे लटका मिला है।

सूचना मिलते ही सप्तऋषि पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अल्मोड़ा निवासी मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है।
पुलिस के अनुसार सप्तसरोवर रोड स्थित एक चाय की दुकान में व्यक्ति के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त ग्राम मंगरुखाल भिकियासैंण अल्मोड़ा निवासी सुरेंद्र कोली के रूप में की। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से हरिद्वार में रह रहा था और किराये पर चाय का खोखा चलाता था। प्रारंभिक जांच में दुकान से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही मौत से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच कर रही है। कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मृतक सुरेंद्र कोली निठारी मामले में आरोपी रहा था। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2006 में सामने आए निठारी हत्याकांड के बाद सुरेंद्र कोली का नाम चर्चाओं में आया था। लंबे समय तक चले मुकदमों में उसे कई मामलों में दोषी ठहराया गया, लेकिन बाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कई मामलों में उसे बरी कर दिया। जुलाई 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने भी उसके खिलाफ 12 मामलों में बरी किए जाने के फैसले को बरकरार रखा था। इसके बाद नवंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने लंबित अंतिम मामले में भी उसकी दोषसिद्धि रद्द करते हुए उसे बरी कर दिया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button