नर्सिंग कॉलेज के बाहर छात्रों का हंगामा, समर्थन में पहुंचे किसान नेता दाताराम

हरिद्वार/बहादराबाद(बी बी चंदेला)। रोहालकी किशनपुर स्थित एक निजी नर्सिंग केयर कॉलेज के बाहर सोमवार को जीएनएम और बीएससी नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने जमकर हंगामा किया। छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संस्थान ने इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) से मान्यता प्राप्त होने का दावा कर उनका दाखिला लिया और एक वर्ष से लेकर छह माह तक की फीस अग्रिम जमा कराई।

छात्रों का आरोप है कि अब सत्र पूरा होने के बाद कॉलेज प्रबंधन यह कह रहा है कि संबंधित कोर्स को इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) से मान्यता प्राप्त नहीं है। इस खुलासे के बाद छात्र-छात्राओं में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है। उनका कहना है कि कॉलेज की गलत जानकारी और लापरवाही के कारण उनका भविष्य संकट में पड़ गया है।
कॉलेज के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। छात्रों का कहना है कि उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है और उन्हें मानसिक एवं आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
छात्रों के समर्थन में किसान नेता दाताराम चौहान भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने छात्रों की मांगों को जायज बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
फिलहाल छात्र प्रशासन से उचित कार्रवाई और अपने शैक्षणिक भविष्य को सुरक्षित करने की मांग पर अड़े हुए हैं।




