रुद्रप्रयाग: तेज रफ्तार ट्रक खाई में गिरा, दो की दर्दनाक मौत

रुद्रप्रयाग। जिले के फाटा के समीप देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा तरसाली के पास तब हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा 16 जुलाई 2026 की देर रात पेश आया। जिला कंट्रोल रूम रुद्रप्रयाग को खबर मिली कि ट्रक संख्या यूके 01 सीए 0826 पहाड़ी मार्ग से नीचे गहरी खाई में गिर गया है। इस सूचना के बाद सोनप्रयाग पोस्ट से एसडीआरएफ के उप निरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में जवानों की एक विशेष रेस्क्यू टीम आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ घटना स्थल के लिए रवाना हुई।
एसडीआरएफ ने जिला पुलिस, फायर सर्विस और एनडीआरएफ के साथ मिलकर एक संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। बचाव दल के जांबाज जवानों ने रोप रेस्क्यू तकनीक का उपयोग किया और रस्सी के सहारे 100 मीटर गहरी खाई में उतरकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक तक पहुंचे। वहां ट्रक के पास दो व्यक्ति बेसुध अवस्था में पड़े मिले।जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को हार्ड बोर्ड की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तुरंत 108 एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अब मृतकों के शवों की शिनाख्त करने और हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है। पहाड़ी मार्गों पर रात के समय वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।




