कांवड़ियों का सैलाब बढ़ने पहले पुलिस ने कसी कमर

मुख्यालय के अफसरों ने हरिद्वार में परखी सुरक्षा व्यवस्था
कंट्रोल रूम से शहर-देहात की परखी निगरानी
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। कांवड़ मेले में लगातार बढ़ रही शिवभक्तों की भीड़ और आने वाले दिनों में संभावित भारी आवागमन को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। सोमवार को पुलिस मुख्यालय से आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे और डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर धीरेंद्र सिंह गुंज्याल हरिद्वार पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर समेत पुलिस अधिकारियों के साथ कांवड़ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की और अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने चंडी चौक, शंकराचार्य चौक, बैरागी कैंप पार्किंग, हरकी पैड़ीसहित कई प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान यातायात व्यवस्था, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन और शिवभक्तों की सुविधाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि भीड़ बढ़ने के साथ पुलिस की सक्रियता भी बढ़ाई जाए और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए। निरीक्षण के दौरान आईजी और डीआईजी ने कांवड़ियों के बीच पहुंच कर उनसे संवाद किया। शिवभक्तों को फल और अल्पाहार वितरित कर उनका स्वागत किया गया तथा उन्हें सुरक्षित तरीके से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ियों की यात्रा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
स्थलीय निरीक्षण के बाद अधिकारी मेला कंट्रोल रूम पहुंचे। यहां सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हरिद्वार शहर से लेकर देहात क्षेत्र तक की गतिविधियों और भीड़ की स्थिति परखी गई। इसके बाद सुपर जोनल और जोनल पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और आने वाले दिनों की रणनीति तैयार की गई।
बैठक में यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि छोटी से छोटी घटना को भी गंभीरता से लेते हुए पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे और उसका निस्तारण करे। किसी बड़ी घटना का इंतजार करने के बजाय पहले से ही संभावित समस्याओं की पहचान कर उनका समाधान किया जाए। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की 24 घंटे पैनी नजर रहेगी। अधिकारियों ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम को लगातार अपडेट रहने के निर्देश दिए। किसी भी तरह की अफवाह सामने आने पर उसके स्रोत को तत्काल चिन्हित कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया।आने वाले सप्ताह में शिवभक्तों की संख्या और बढ़ने की संभावना को देखते हुए कुछ स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश एसएसपी हरिद्वार और कांवड़ मेला नोडल अधिकारी को दिए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि आने वाले दिनों में सभी पुलिसकर्मियों को एक टीम के रूप में काम करते हुए हर चुनौती का सामना करना होगा। पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार मेले की निगरानी कर रहे हैं।




