देशधर्म-संस्कृति
नई दिल्ली: पीएम और राष्ट्रपति ने रावण को मारा तीर, सोनिया-राहुल ने भी देखा राम-रावण युद्ध

नई दिल्ली। राजधानी में शनिवार को विजयदशमी का पर्व बड़े हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक इस पर्व में प्रभु श्रीराम ने रावण का संहार करते हुए उसके साथ-साथ कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों को अग्नि के सुपुर्द किया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर लाखों श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन का हिस्सा बने और जय श्रीराम के नारों से वातावरण गूंज उठा। वहीं, अलग-अलग रामलीला कमेटियों के यहां पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी व अन्य नेताओं और अभिनेता अजय देवगन और अभिनेत्री करीना कपूर ने पुतलों पर तीर चलाए।
इस अवसर पर राजधानी में करीब छह सौ रामलीला कमेटियों ने राम-रावण युद्ध की लीला का भव्य मंचन किया। रावण वध के दृश्य ने रामलीला कमेटियों के पंडालों को प्रभु श्रीराम के जयकारों से गुंजायमान कर दिया। भक्तों में भक्ति और उत्साह का माहौल छा गया। इसके साथ ही रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। इन पुतलों के जलते ही अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश फैल गया।





