Uncategorizedदेशराजनीति

गोवा में कांग्रेस पर संकट, पांच विधायक ‘लापता’, भाजपा में शामिल होने की आशंका

पणजी। महाराष्ट्र में झटका खाने के बाद कांग्रेस अब गोवा में संकट में घिर गई है। माइकल लोबो सहित कई विधायक अचानक लापता हो गए हैं। इनके भाजपा में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं।

गोवा में कांग्रेस पर संकट, पांच विधायक ‘लापता’
महाराष्ट्र में झटका खाने के बाद कांग्रेस अब गोवा में संकट में घिर गई है। माइकल लोबो सहित कई विधायक अचानक लापता हो गए हैं।  कयास हैं कि ये विधायक भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इस घटनाक्रम के बीच कांग्रेस ने माइकल लोबो को गोवा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष (एलओपी) के पद से हटा दिया। पार्टी ने उन पर और पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत पर भाजपा के साथ मिलकर पार्टी के खिलाफ साजिश रचने का आरोप भी लगाया।  कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मुकुल वासनिक को गोवा जाने के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट करके यह जानकारी दी।

कांग्रेस गोवा प्रभारी दिनेश गुंडू राव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी से सत्ता का लुत्फ उठाने वाले लोग आज लालची हो गए हैं। मैं माइकल लोबो और दिगंबर कामत से बहुत निराश हूं। राजनीति में आपको सिद्धांतों के लिए लड़ना होता है न कि सत्ता के लिए। सत्ता आती है और जाती है। 

राव ने कहा कि पार्टी के पांच विधायक लोबो, कामत, केदार नाइक, राजेश फलदेसाई और डेलियाला लोबो से संपर्क नहीं हो पा रहा है। पांच अन्य विधायक एल्टन डी कोस्टा, संकल्प अमोनकर, यूरी अलेमाओ, कार्लोस अल्वारेस फरेरा, रुडोल्फ फर्नांडीस हमारे साथ मौजूद हैं। छठे विधायक एलेक्सो सिकेरा पार्टी नेताओं के संपर्क में है और कांग्रेस के साथ हैं।

गुंडू राव बोले, भाजपा के साथ मिलकर हमारे कुछ नेताओं ने साजिश रची 
दिनेश गुंडू राव ने बताया कि हमारे कुछ नेताओं ने भाजपा के साथ मिलकर यह साजिश रची थी कि गोवा में कांग्रेस पार्टी को कमजोर किया जाए और दलबदल का प्रयास किया जाए। इस साजिश का नेतृत्व हमारे ही दो नेताओं एलओपी माइकल लोबो और दिगंबर कामत ने किया था। ये दोनों लोग बीजेपी के साथ मिलकर काम कर रहे थे। दिगंबर कामत पर कई मामले दर्ज हैं, इसलिए उन्होंने खुद को बचाने के लिए ऐसा किया और माइकल लोबो ने सत्ता और स्थिति के लिए यह कदम उठाया। हम जल्द ही नए नेता का चुनाव करेंगे। इस प्रकार के दलबदल के खिलाफ कानून और पार्टी विरोधी काम के लिए जो भी उचित होगा कार्रवाई की जाएगी। देखते हैं कितने लोग रुकेंगे या चले जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button