एमडीडीए: इंजीनियरों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल, प्रतिनियुक्ति पर आए अभियंता कार्यमुक्त

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने इंजीनियरों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया है। इंजीनियर अतुल गुप्ता के सेवानिवृत्त होने के बाद अधिशासी अभियंता शांति सिंह रावत को बड़ी जिम्मेदारी दी गई। रावत की वरिष्ठता को देखते हुए उन्हें पूर्व में आंबंटित कार्यों के साथ ही प्रभारी सिंगल विंडो, बोर्ड बैठक की तैयारी, नजूल, सीएम हेल्पलाइन, सुप्रीम कोर्ट मोनिटेयरिंग कमेटी एवं विभिन्न बैठकों में प्रतिभाग किए जाने कार्यों के अलावा उच्चााधिकारियों द्वारा समय समय पर दिए जाने कामों को निष्पादन करने का जिम्मा सौंपा गया है।
अधिशासी अभियंता शांति सिंह रावत उत्तराखंड में प्राधिकरण सेवा के एक मात्र स्थायी अधिशासी अभियंता हैं। प्राधिकरण में एक मुख्य अभियंता और एक अधीक्षण अभियंता का पद भी रिक्त चल रहा है। इन दोनों पदों पर अभी तक किसी को भी पदभार नही सौंपा गया है। प्राधिकरण उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कार्यालय आदेश जारी कर कामों का बंटवारा किया है। प्राधिकरण में लंबे समय से कार्य क्षेत्र परिवर्तन पर इंजीनियरों और अधिकारियों की नजर टिकी हुई थी।
अधिशासी अभियंता सुनील कुमार को पूर्व में आबंटित विभिन्न विकास एवं प्रोजेक्ट निर्माण के कार्यों के अलावा हॉर्टिकल्चर/ उद्यान से संबंधित अतिरिक्त कार्यभार, सहायक अभियंता अजय कुमार मलिक को पूर्व आबंटित के साथ ही सिंगल विंडो, प्रमोद कुमार मेहरा को भी सिंगल विंडो का कार्य सौंपा गया है। विगत वर्षों में प्राधिकरण में सिंचाई विभाग से आए चार सहायक अभियंताओं की प्रतिनियुक्ति समाप्त होने के बाद सिंचाई विभाग के अनुरोध के बाद उन्हें मूल विभाग के लिए रिलीव किया गया। जिसके चलते उनके द्वारा संपादित किए जाने वाले कार्यो को विभिन्न अंभियंताओं के बीच आबंटित किया गया।



