Uncategorizedकरिअरदेश

मंदसौर हादसा: मजदूरी कर लौट रहीं आठ महिलाएं चंबल नदी में बहीं, तलाश जारी

मंदसौर: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में रविवार शाम हादसा हो गया। मजदूरी कर लौट रहीं आठ महिलाएं कैचमेंट एरिये के तेज बहाव में बह गई हैं। हादसा कैसे हुआ फिलहाल स्पष्ट नहीं है। महिलाओं की तलाश की जा रही है। बहाव तेज होने और अंधेरा होने से मुश्किलें आ रही हैं। शामगढ़ पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर है। समाचार लिखे जाने तक महिलाओं का कुछ पता नहीं चल सका था। 

जानकारी के मुताबिक घटना शामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम तोलाखेड़ी की है। महिलाएं मजदूरी करके घर लौट रही थीं। बताया जा रहा है कि सभी मजदूर महिलाएं चंबल नदी के कैचमेंट एरिये का रपटा पार कर रही थीं। इसी दौरान उनकी एक साथी का पैर फिसला और वो पानी में गिर गई। उसे बचाने की कोशिश में सभी महिलाएं पानी के तेज बहाव में बह गईं। इनके साथ की दो बालिकाएं तैरकर बाहर आ गईं। इधर कुछ का कहना है कि ये सभी नाव से लौट रही थीं, और नदी में नाव पलटने से हादसा हुआ है। 

पुलिस के अनुसार बचाव अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अंधेरा होने के कारण इसमें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। चंबल नदी के कैचमेंट एरिये में पानी का तेज बहाव बताया जा रहा है। उधर कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह डंग ने ट्वीट कर बताया है कि मंदसौर जिले की सुवासरा विधानसभा के ग्राम तोलाखेड़ी में नदी में नाव डूबने का समाचार प्राप्त हुआ है। खेत से काम कर लौट रही सात महिलाएं नदी में डूबी हैं। मैंने मंदसौर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से चर्चा कर मौके पर तत्काल गोताखोर और अन्य व्यवस्थाएं भेजे जाने के निर्देश प्रदान किए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मैं भोपाल से सभी कार्यक्रम निरस्त कर तोलाखेड़ी के लिए रवाना हो गया हूं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button