देशराजनीति

ग्वालियर की राजमाता और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां माधवी राजे का निधन

ग्वालियर। ग्वालियर की राजमाता और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां माधवी राजे का आज सुबह निधन हो गया. वे लंबे समय से बीमार थीं। उनका दिल्ली एम्स में इलाज चल रहा था। वे सेप्सिस के साथ-साथ निमोनिया से पीड़ित थीं। उनका पार्थिव शरीर दिल्ली में मंत्री सिंधिया के आवास पहुंच गया है। यहां पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनका परिवार घर में मौजूद है। उनका अंतिम संस्कार ग्वालियर में कल यानी 16 मई को शाम 4 से 5 बजे के आसपास होगा।

माधवी राजे के निधन के बाद प्रदेश सहित पूरे देश में शोक की लहर फैल गई है। उनके निधन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की पूज्य माता माधवी राजे सिंधिया जी के निधन का हृदय विदारक समाचार प्राप्त हुआ. मां जीवन का आधार होती हैं, इनका जाना जीवन की अपूरणीय क्षति है। बाबा महाकाल से दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं. ॐ शांति.’

प्रियंका ने दी श्रद्घांजलि, बोलीं- हम उन्हें हमेशा आदर से याद करेंगे
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां के निधन पर दुख व्यक्त किया है और उन्हें एक साहसी महिला करार दिया है।
उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय माधवराव सिंधिया की धर्मपत्नी एवं ज्योतिरादित्य सिंधिया की माता जी माधवीराजे सिंधिया के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। वह विनम्र और साहसी महिला थीं, उनको हम हमेशा आदर से याद करेंगे।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button