
जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर में चल रहे विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में कल यानी बुधवार को मतदान होगा। छह जिलों की 26 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इस चरण में 239 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 25.78 लाख मतदाता करेंगे। इसे लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध कर लिए गए हैं। मतदान सुबह 7 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक होगा।
अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर के तीन जिलों गांदरबल, श्रीनगर और बडगाम की 15, जम्मू के तीन जिले राजोरी, रियासी और पुंछ की 11 सीटों पर मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सुगम और परेशानी मुक्त भागीदारी के लिए चुनाव आयोग ने 3502 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं। इनमें 1056 शहरी क्षेत्र और 2446 ग्रामीण क्षेत्र में हैं। पारदर्शी चुनाव के लिए मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग होगी। मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 157 विशेष मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
इनमें 26 पिंक मतदान केंद्र हैं, जिन्हें महिला कर्मियों की ओर से संचालित किया जाएगा। इसी तरह 26 केंद्र दिव्यांग कर्मी, 26 मतदान केंद्र युवा संचालित करेंगे। 26 हरित मतदान केंद्र और 22 विशिष्ट मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं। पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर पहुंच चुकी हैं। इस चरण में श्रीनगर जिले में 93, बडगाम जिले में 46, राजोरी जिले में 34, पुंछ जिले में 25, गांदरबल जिले में 21, रियासी जिले में 20 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। बता दें पहले चरण में 18 सितंबर को 61.38 प्रतिशत मतदान हुआ था।




