बदरीनाथ एनएच पर भयावह हादसा, कार की टक्कर से बाइक सवार ममेरे भाइयों की मौत

गैरसैंण: चमोली जिले में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिरही के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. हादसे में बाइक सवार दो ममेरे भाइयों की मौत हो गई. यह दुर्घटना बाइक और विपरीत दिशा से आ रही तेज़ रफ़्तार स्विफ्ट कार की टक्कर से हुई.
तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक को मारी टक्कर: प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात लगभग 9 बजे राहुल (28 वर्ष, पुत्र भवान सिंह) और उसका ममेरा भाई कमल सिंह (27 वर्ष, पुत्र रणजीत सिंह), निवासी रामणी नंदानगर, किसी रिश्तेदार की शादी में शामिल होकर निजमुला से बाइक पर घर लौट रहे थे. जब वे बिरही में बीआरओ कैंप के पास पहुंचे, तभी चमोली की ओर से आ रही तेज रफ़्तार स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे में दो ममेरे भाइयों की मौत: टक्कर इतनी भयावह थी कि कमल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल राहुल को चमोली थाने की पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया गया. लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के चलते राहुल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर उन्हें मोर्चरी में रखवाया है. आज गुरुवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
हरिद्वार में दो दिन में तीन हादसों में 4 लोगों की मौत: उत्तराखंड में ये कोई पहली दुर्घटना नहीं है. इससे पहले गुरुवार को हरिद्वार जिले में दो बड़े हादसे हुए थे. सुबह हुए हादसे में पासपोर्ट बनवाने जा रहे दो भाइयों की मौत हो गई थी. इन भाइयों की बाइक एक अन्य बाइक से टकरा गई थी. टक्कर के बाद दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े थे. तभी तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई थी.
हरिद्वार में दूसरा हादसा गुरुवार देर शाम हुआ था. एक व्यापारी अपने परिवार के साथ कार से जा रहा था. रास्ते में पिकअप वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी थी. इस हादसे में व्यापारी की मौत हो गई थी. उनकी पत्नी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
बुधवार को भी हरिद्वार में सड़क हादसा हुआ था. उस हादसे में पथरी इलाके में कार ने बाइक को टक्कर मार दी थी. बाइक सवार इदरीश की हादसे में मौत हो गई थी. ये हादसा निर्भय फार्म के पास हुआ था.




