मुजफ्फरनगर में भीषण हादसा, हरिद्वार अस्थियां विसर्जन के लिए जा रहे 6 की मौत, सीएम योगी ने दुख जताया
कार की टक्कर लगते ही एक फीट उछल गया ट्रक, लाशों का अंबार देखकर हर कोई सहमा

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया. तितावी थाना क्षेत्र के बायपास पर स्थित जयदेव होटल के पास एक अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई. हादसा सुबह करीब 6:15 बजे हुआ, जब कार करनाल से हरिद्वार अस्थियां विसर्जन के लिए जा रही थी. बघरा बाईपास पर हुआ हादसा इतना भीषण था कि कार की टक्कर लगने के बाद ट्रक भी पीछे से करीब एक फीट उछल गया। हाईवे पर दूसरी ओर ढाबे पर मौजूद लोग हादसा देखकर दौड़े। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
कार में फंसे शवों को एक-एक कर बाहर निकाला और हाईवे किनारे रखते रहे। हाईवे किनारे लाशें जिसने भी देखीं, वह सहम गया।
स्थानीय लोगों ने क्या बताया?
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे का कारण ड्राइवर को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है. कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई, जिससे पूरा परिवार इस हादसे का शिकार हो गया. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे. पुलिस को सूचना दी गई और बचाव कार्य शुरू किया गया.
सीएम योगी ने दुख जताया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं. प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है.




