विरासत महोत्सव-2026 : दिव्यांग बच्चों की प्रस्तुति ने मनमोहा, विद्यार्थियों ने मंच पर दिखाई प्रतिभा
विरासत साधना में कथक-भरतनाट्यम और गढ़वाली लोकनृत्य की धूम

देहरादून। विरासत महोत्सव-2026 के तहत मंगलवार को नींबूवाला स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित विरासत साधना में भारतीय शास्त्रीय नृत्य और उत्तराखंड की लोक संस्कृति के रंग देखने को मिले। विभिन्न विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने कथक और भरतनाट्यम की मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को प्रभावित किया। वहीं, लतिका फाउंडेशन से जुड़े दिव्यांग बच्चों की गढ़वाली लोकनृत्य प्रस्तुति कार्यक्रम का खास आकर्षण रही।
रीच संस्था की ओर से आयोजित कार्यक्रम में युवा कलाकारों ने लय, ताल, भाव-भंगिमाओं और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कथक और भरतनाट्यम की प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा, अनुशासन और कलात्मक सुंदरता को मंच पर जीवंत किया। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की भागीदारी ने कला और संस्कृति के प्रति युवाओं के उत्साह को भी प्रदर्शित किया।



