गौरीकुंड में भारी भूस्खलन, तीन बच्चे मलबे में दबे, दो की मौत
रुद्रप्रयाग। पिछले कुछ दिनों में भूस्खलन के चलते कई लोगों की जानें जा चुकी हैं। गौरीकुंड भूस्खलन में 23 लोग लापता हो गए थे। जिसमे से 20 लोगों का अब तक पता नहीं चल पाया है। अब गौरीकुंड में एक और हादसा हो गया। भूस्खलन के कारण तीन बच्चे मलबे में दब गए, जिनमें से दो बच्चों की मौत हो गई है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने इसकी पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार हादसा आज सुबह हुआ है। सुबह करीब लगभग पांच बजे गौरी गांव में भारी भूस्खलन होने से तीन बच्चे मलबे में दब गए। तीनों बच्चे नेपाली मूल के हैं जो भूस्खलन की चपेट में आ गए। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों बच्चों को मलबे से निकाला ।
आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि इन बच्चों को गौरीकुंड हॉस्पिटल में उपचार के लिए लाया गया, जहां दो बच्चों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि एक बच्चे का उपचार चल रहा है।