उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

हरिद्वार : मनसा देवी मंदिर में भगदड़ से छह की मौत व कई घायल

सीएम धामी ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश, मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख देने की घोषणा

हरिद्वार । उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर मार्ग पर रविवार की सुबह को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक किसी ने करंट फैलने की अफवाह फैला दी। इस घटना के बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। कई लोगों के बुरी तरह से घायल होने की खबर भी है। मौके पर राहत एवं बचाव अभियान चल रहा है। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें घायलों को तुरंत अस्पतालों में पहुंचाने में लग गई।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब नौ बजे के आसपास मंदिर की चढ़ाई कर रहे श्रद्धालुओं के बीच किसी ने करंट फैलने की अफवाह फैला दी, जिससे श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। अफरा-तफरी में लोग एक-दूसरे पर गिर गए। चीख-पुकार के बीच कई श्रद्धालु दब गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह की आरती के समय मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान अचानक भीड़ के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे भगदड़ मच गई।

सीएम धामी ने जताया दुख
हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने लिखा कि हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ मचने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।

भगदड़ पर पीएम मोदी ने जताया दुख
मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुई भगदड़ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। उन्होंने लिखा कि उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुई भगदड़ में हुई जान-माल की हानि से अत्यंत दुखी हूं। अपनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।

सीएम धामी ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश, मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख देने की घोषणा
हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुई भगदड़ में छह लोगों की मौत हो गई। हादसे पर सीएम धामी ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने हादसे के मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
मंदिर में लगे CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
हेल्पलाइन नंबर जारी
जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र, हरिद्वार की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी हुआ है। मदद के लिए 01334-223999, 9068197350, 9528250926, पर फोन कर सकते हैं। वही, राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र, देहरादून में स्थापित हेल्पलाइन नंबर 0135-2710334,2710335, 8218867005, 9058441404 भी जारी किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button