उत्तराखण्ड

विश्व संवाद केंद्र में वैदिक यज्ञ के साथ संपन्न हुआ दीपावली मिलन समारोह

पत्रकार बंधुओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने किया सहभाग, मनोज निखरा जी ने रखा भारतीय संस्कृति एवं पर्वों का महत्व

देहरादून। भारतीय संस्कृति के पर्व एवं उत्सव समाज को एकात्मता के सूत्र में पिरोने के साथ सांस्कृतिक चेतना के जागरण का माध्यम भी हैं। दीपावली इसी सनातन परंपरा का एक प्रमुख पर्व है, जो अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और असत्य से सत्य की ओर बढ़ने का संदेश देता है। इसी सांस्कृतिक भावभूमि पर विश्व संवाद केंद्र, देहरादून की ओर से 5 नवंबर को राजपुर रोड स्थित केंद्र परिसर में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर के अनेक पत्रकार बंधुओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

 

समारोह का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं यज्ञ के साथ हुआ। यज्ञ में राष्ट्र की सुख-समृद्धि, समाज के कल्याण एवं विश्व मंगल की कामना की गई। वैदिक परंपरा के अनुरूप संपन्न इस आयोजन ने भारतीय संस्कृति की आध्यात्मिक चेतना एवं सनातन जीवन मूल्यों को स्मरण कराने का कार्य किया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य श्री मनोज निखरा जी ने उपस्थित पत्रकार बंधुओं एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय पर्व एवं उत्सव केवल व्यक्तिगत आनंद अथवा उत्सव मनाने के अवसर नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से समाज में पारस्परिक आत्मीयता, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक एकात्मता का भाव सुदृढ़ होता है। दीपावली का पर्व हमें अपने सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है।

उन्होंने कहा कि दीपावली का वास्तविक संदेश जीवन में सद्भाव, सकारात्मकता एवं प्रकाश का विस्तार करना है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति का यह दायित्व है कि वह अपनी सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन में सहभागी बने।

समारोह में उपस्थित पत्रकार बंधुओं एवं कार्यकर्ताओं ने परस्पर दीपावली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया। आत्मीय वातावरण में संपन्न इस मिलन समारोह में सामाजिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर विचार-विमर्श भी हुआ।

अंत में विश्व संवाद केंद्र के अध्यक्ष श्रीमान सुरेन्द्र ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार धन्यवाद व्यक्त किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button