मंदिर में चोरी करने वाला शातिर चोर मुठभेड़ में गिरफ्तार

हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी) । खानपुर क्षेत्र स्थित जटाशंकर महादेव मंदिर में दानपात्रों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले शातिर चोर को हरिद्वार पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। उपचार के बाद आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम, 315 बोर का अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, घटना में इस्तेमाल टाटा इंट्रा पिकअप और ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की है।
उल्लेखनीय है कि 30 सितंबर की रात खानपुर स्थित भगवान जटाशंकर महादेव मंदिर में अज्ञात चोरों ने तीन दानपात्रों के ताले तोड़कर उनमें रखी रकम चोरी कर ली थी। मामले में मंदिर के स्वामी शंकरदास की तहरीर पर कोतवाली खानपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण करते हुए चोरों की तलाश शुरू कर दी।
इसी क्रम में 3-4 अक्टूबर की देर रात खानपुर क्षेत्र में पुलिस टीम सघन चेकिंग कर रही थी। ग्राम सहीपुर तिराहा से सिकंदरपुर की ओर आ रहे एक टाटा इंट्रा पिकअप को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया और गौरधनपुर-खानपुर रोड की ओर भाग निकला। पुलिस ने तत्काल इसकी सूचना प्रसारित करते हुए पीछा शुरू किया।
पुलिस के मुताबिक ग्राम धर्मूपुर श्मशान घाट के पास खुद को घिरता देख आरोपी वाहन को सड़क किनारे छोड़कर गन्ने के खेतों में भाग गया। इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी लक्सर ले जाया गया, जहां से उसे रुड़की रेफर किया गया। पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टाटा इंट्रा पिकअप के सीट के नीचे से जटाशंकर महादेव मंदिर से चोरी की गई 3,660 रुपये की रकम बरामद की। इसके अलावा ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आरिफ पुत्र खलील, निवासी टोडा जलालपुर कोतवाली सिविल लाइंस रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ हरिद्वार जिले के अलावा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर और पुरकाजी क्षेत्र में चोरी तथा आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। खानपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुठभेड़ के संबंध में भी मुकदमा दर्ज किया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गोविंद कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय पूनिया, चौकी प्रभारी गोवर्धनपुर उपनिरीक्षक कमलकांत रतूड़ी, अपर उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह बिष्ट, कांस्टेबल दीपक भारती, अशोक कुमार, सुखविंदर सिंह, महावीर सिंह, सुमित सिंह, महिपाल सिंह तथा सीआईयू रुड़की की टीम शामिल रही।



