उत्तराखण्ड

बर्नीगाड़ को Cm धामी ने दी 217 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

– राजकीय महाविद्यालय का शुभारंभ

– मुख्यमंत्री धामी ने 38 कार्यों का किया शिलान्यास-लोकार्पण

– मिनी स्टेडियम और सड़क निर्माण की घोषणा

बर्नीगाड़ (उत्तरकाशी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पुरोला विधानसभा क्षेत्र के बर्नीगाड़ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित सेवा सेतु अभियान के जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने करीब 217 करोड़ रुपये की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं करते हुए राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण जल्द शुरू कराने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने तथा बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज तक मोटर मार्ग निर्माण की घोषणा की। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बड़कोट और चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने तथा डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल एवं सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की बात भी कही।इस दौरान मुख्यमंत्री ने 194 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 30 विकास कार्यों की आधारशिला रखी। इनमें पीएमजीएसवाई खंड पुरोला के 18 कार्यों पर 176.87 करोड़ रुपये, लोक निर्माण विभाग पुरोला के पांच कार्यों पर छह करोड़, लोक निर्माण विभाग बड़कोट के चार कार्यों पर 6.61 करोड़ और सिंचाई खंड पुरोला के तीन कार्यों पर 5.12 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं, 22 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के आठ कार्यों का लोकार्पण किया गया। जनसेवा शिविर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को चेक एवं उपकरण वितरित किए। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं, पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है।
पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने विकास योजनाओं की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button