सीएम धामी ने मंत्रिमंडल के साथ हरकी पैड़ी पर किया गंगा पूजन
देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष की निरंतर सार्वजनिक सेवा पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ हरिद्वार स्थित हरकी पैड़ी पर मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आरती में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मां गंगा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन के साथ ही देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की।


मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर राष्ट्र की उन्नति, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए भी मां गंगा का आशीर्वाद मांगा। उल्लेखनीय है कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने 25 वर्षों तक निरंतर सार्वजनिक सेवा की है। इसी उपलक्ष्य में हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन एवं आरती का आयोजन किया गया।

हरिद्वार में आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक से पहले मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों ने मां गंगा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और विकास की कामना की। धामी सरकार द्वारा प्रदेश के विभिन्न जनपदों में मंत्रिमंडल की बैठकें आयोजित करने की पहल के क्रम में हरिद्वार में यह बैठक आयोजित की जा रही है। सरकार का उद्देश्य शासन को प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के और अधिक निकट लाना तथा स्थानीय जरूरतों, क्षेत्रीय विकास और जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देना है। इससे पूर्व 4 अक्टूबर को चम्पावत जिले के बनबसा में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें राज्यहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कैबिनेट बैठकें आयोजित करने की इस पहल को शासन व्यवस्था को विकेंद्रीकृत करने और क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके माध्यम से सरकार विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं और जरूरतों को समझते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का प्रयास कर रही है।



