चमोली की आंचल फरस्वाण के सिर सजा फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड 2026 का ताज, अब मिस इंडिया में करेंगी प्रतिभाग

देहरादून। देहरादून में फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड 2026 के ग्रैंड फिनाले का आयोजन किया गया। इसमें 21 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। कड़े मुकाबले के बीच आंचल फरस्वाण के सिर पर ताज सजा।
चमोली जिले के किरुली गांव निवासी आंचल फरस्वाण फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड चुनी गई हैं। अब वह मुंबई में आयोजित होने वाली फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी और राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। आंचल की इस उपलब्धि से किरुली गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
वह देहरादून में फिजियोथेरेपिस्ट की पढ़ाई कर रही हैं। आंचल के पिता रविंद्र फरस्वाण सेना के सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हैं। मां गृहिणी हैं। आंचल की उपलब्धि पर पूरे बंड क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। लोगों को उम्मीद है कि आंचल मिस इंडिया में भी जीत हासिल करके उत्तराखंड के साथ चमोली का नाम रोशन करेंगी। वर्तमान में उनका परिवार देहरादून में रहता है।




