दून मेडिकल कॉलेज में अंशदायी स्वास्थ्य योजना से मिलेगा कैशलेस इलाज, पूर्व सैनिकों को राहत

देहरादून। पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के लिए राहत भरी खबर है। दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल को पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना के पैनल में शामिल कर लिया गया है। इससे योजना के पात्र लाभार्थियों को अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों से कैशलेस उपचार की सुविधा मिल सकेगी। अस्पताल में यह सुविधा जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
दून मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेंद्र बिष्ट ने बताया कि अस्पताल में उपचार की सुविधा पहले से ही सभी के लिए उपलब्ध है, लेकिन ई सी एच एसके तहत कैशलेस इलाज की सुविधा शुरू करने के लिए अब समझौता ज्ञापन (एमओयू) हो चुका है। सेना के संबंधित विभाग के साथ सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। फिलहाल सुविधा शुरू करने से जुड़ी लॉजिस्टिक्स की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जल्द ही अस्पताल में ई सी एच एस के तहत कैशलेस उपचार की सुविधा शुरू कर दी जाएगी। इससे देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले पात्र पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों को लाभ मिलेगा। उन्हें विशेषज्ञ उपचार के लिए बेहतर विकल्प उपलब्ध होगा और इलाज के खर्च को लेकर भी राहत मिलेगी।


