देश

बिपरजॉय: गुजरात-मुंबई में भारी बारिश, अब तक 50 हजार से ज्यादा लोगों को हटाया गया

अरब सागर में उठा तूफान बिपरजॉय के गुजरात से टकराने में सिर्फ एक दिन बाकी है। 15 जून की शाम तक यह कच्छ जिले के जखौ पोर्ट से टकराएगा। इस दौरान 150 किमी/घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। इसके चलते बुधवार को गुजरात और मुंबई के तटीय इलाकों में भारी बारिश हो रही है।

तेज हवाओं और ऊंची लहरों के चलते अब तक 9 लोगों की मौत की खबर है। IMD ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं, गुजरात सरकार ने कच्छ-सौराष्ट्र में समुद्र तट से 10 किलोमीटर की सीमा में 7 जिलों से 50 हजार से ज्यादा लोगों को निकालकर शेल्टर होम में भेजा है। इलाके में NDRF की 18 टीमें तैनात हैं।

मौसम विभाग के बुधवार दोपहर 12 बजे के अपडेट के मुताबिक, तूफान 8 किमी/घंटे की रफ्तार से नॉर्थ-वेस्ट में आगे बढ़ रहा है। तूफान बुधवार सुबह 8:30 बजे द्वारका से 290 किमी और जखौ पोर्ट से 280 किमी दूर था। यह गुरुवार की शाम तक गुजरात के तट पर जखौ पोर्ट से टकराएगा।

परंपरा के अनुसार सोमनाथ के द्वारकाधीश मंदिर के मुख्य शिखर पर 5 बार ध्वज बदला जाता है। लेकिन मंगलवार से यहां ध्वज नहीं फहराया गया है। इसके नीचे दो ध्वज फहराए गए हैं। दरअसल, दो ध्वज एक साथ फहराने के पीछे एक मान्यता है। कहा जाता है कि इससे आपदा टल जाती है।

अब मंदिर प्रशासन ने तय किया है कि 17 जून तक मुख्य शिखर पर नया ध्वज नहीं लगाया जाएगा। मंदिर के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है। मंदिर के शिखर की ऊंचाई 150 फीट है।

गुजरात में रेड अलर्ट जारी…

  • IMD के डीजी मृत्युंजय महापात्र ने कहा- तूफान के तट के पास पहुंचने से हवा की स्पीड 150KM प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इससे पेड़, टेलीफोन और बिजली के खंभे गिर सकते हैं।
  • गुजरात के द्वारका तट से ISG ALH ध्रुव हेलीकॉप्टरों ने 50 लोगों को निकाला।
  • मछुआरों को 16 जून तक समुद्र में ना जाने को कहा गया है। गुजरात में बुधवार से रेड अलर्ट जारी किया गया है।
  • IMD के डायरेक्टर जनरल डॉ. मृत्युंजय मोहपात्रा ने बताया था- पोरबंदर, द्वारका से लेकर कच्छ तक हवा की रफ्तार बढ़ रही है। 14 जून को यहां 65-75 KMPH की रफ्तार से हवा चलेगी।
  • वहीं, 15 जून को द्वारका, जामनगर, कच्छ और मोरबी जिलों में हवा 125-135 KMPH की रफ्तार से चलेगी।
  • गुजरात और महाराष्ट्र में अब तक नौ लोगों की मौत
    तूफान के चलते गुजरात और महाराष्ट्र में नौ मौतों की जानकारी सामने आई है। इनमें से सात मौतें सोमवार को हुई, जिनमें दो बच्चे भुज के थे, जिनपर दीवार गिर गई। वहीं, राजकोट में अपने पति के साथ स्कूटर पर बैठकर जा रही महिला पर पेड़ गिर गया। बाकी चार मौतें मुंबई के जुहू बीच पर हुईं, जहां घूमने गए पांच में से चार लड़के समुद्र में डूब गए थे। मंगलवार को इनके शव बरामद हुए।
  • तूफान से जुड़े बड़े अपडेट्स..

    • पीएम मोदी ने सोमवार को एक इमरजेंसी मीटिंग की, जिसमें गृह मंत्रालय, NDRF और सेना के अधिकारी मौजूद रहे।
    • NDRF की 12 टीमों को तैनात किया गया है। वहीं, 15 टीमों को स्टैंड बाई पर रखा गया है।
    • कोस्ट गार्ड, आर्मी और नेवी की रेस्क्यू और रिलीफ टीमों को स्टैंडबाई पर रखा गया है।
    • कच्छ जिले में धारा 144 लगा दी गई है। आज से तीन दिनों के लिए सभी स्कूल-कॉलेजों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।
    • पश्चिम रेलवे ने चक्रवात संभावित क्षेत्रों में 67 ट्रेन रद्द कर दी हैं।
    • सौराष्ट्र के ओखा, पोरबंदर और जामनगर से चलने वाली 25 ट्रेन अब राजकोट, सुरेंद्रनगर और अहमदाबाद से चलेंगीं।
    • बिपरजॉय तूफान अरब सागर से 6 दिन पहले उठा था। इसका असर 10 दिनों तक रह सकता है। यह हाल के दिनों में अब तक का सबसे लंबे समय तक रहने वाला तूफान है। IIT मद्रास की स्टडी के मुताबिक, ग्लोबल वार्मिंग के प्रभाव में अरब सागर के ऊपर चक्रवाती तूफान लगातार और गंभीर होते जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button