उत्तरप्रदेशराजनीति

बड़ी खबर: अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में निधन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश से बड़ी खबर सामने आ रही है। मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार को निधन हो गया। प्रतीक 38 साल के थे। शुरुआती जानकारी मिली है कि सुबह करीब छह बजे सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में लाए गए थे। डॉक्टर ने जांच पड़ताल करके उन्हें मृत घोषित कर  दिया।

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को प्रतीक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। अभी तक प्रतीक की मौत की वजह साफ नहीं हुई है। मुलायम सिंह के बेटे प्रतीक अपने पीछे पत्नी अपर्णा और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पत्नी अपर्णा यादव राजधानी लखनऊ में नहीं थीं। प्रतीक यादव के निधन की खबर मिलते ही नेताओं का लखनऊ के सिविल अस्पताल में जमा होना शुरू हो गया।

प्रतीक यादव का शव पोस्टमार्टम हाउस से विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर ले जाया गया है। आखिरी तक यही सूचना थी कि अपर्णा यादव के आने के बाद उन्हें ही शव सुपुर्द किया जाएगा, लेकिन उनके आने में देरी की वजह से शव घर ले जाया गया है।

प्रतीक यादव का अपना रियल एस्टेट और जिम का कारोबार था। प्रतीक यादव लखनऊ स्थित ‘फिटनेस प्लैनेट’ जिम के मालिक थे। वो जीव आश्रय नामक संस्था का भी संचालन करते थे।  प्रतीक देश के सबसे बड़े राजनीतिक परिवारों में से एक यादव परिवार के छोटे बेटे थे। प्रतीक यादव राजनीति से हमेशा दूर रहते थे। उन्होंने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से अपनी पढ़ाई की थी।

वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीक यादव ने निधन पर दुख जताया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव के निधन पर दुख जताया है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रतीक यादव के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि प्रतीक यादव जी का निधन, अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। विनम्र श्रद्धांजलि!

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button