उत्तराखण्डराजनीति

देहरादून में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और हत्याओं पर सरकार को घेरा

लोकभवन घेराव के प्रदर्शन में उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़ और एकजुटता से कांग्रेस संगठन गदगद

देहरादून। कांग्रेस ने प्रदेश के जनमुद्दों को लेकर आज लोकभवन का घेराव किया। हालांकि, पुलिस ने हाथीबड़कला में बेरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया और कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गई, जहां कुछ देर बाद सभी को छोड़ दिया गया है।

प्रदेश में महिला अपराध, बेरोजगारी, महंगाई, कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, जंगली जानवरों के हमले, पलायन, आपदा प्रभावितों को राहत व मुआवजा, बदहाल स्वास्थ्य सेवाएं, किसानों को फसल का नुकसान होने पर मुआवजा न मिलने समेत कई अन्य मुद्दों पर आज कांग्रेस ने लोकभवन घेराव का ऐलान किया था। आज सुबह 11 बजे से ही प्रदेशभर से कांग्र्रेस कार्यकर्ता परेड ग्राउंड में जुटने शुरू हो गए थे। यहां से करीब डेढ़ बजे प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डा. हरक सिंह रावत के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने जुलूस के रुप में लोकभवन के लिए कूच किया। प्रदर्शनकारी राज्य सरकार के विरुद्व नारेबाजी कर रहे थे।

प्रदर्शनकारी बहल चौक, दिलाराम चौक होते हुए हाथीबड़कला पहुंचे, जहां पुलिस ने बेरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। कई प्रदर्शनकारी बेरिकेडिंग पर चढ़ गए। इस दौरान बेेरिकेडिंग पार करने को लेकर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच काफी देर तक जोरआजमाइश चलती रही। पुलिस सैकड़ों कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गई, जहां बाद में सभी को छोड़ दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button