उत्तराखंड के लिए बद्री केदार कार्तिक स्वामी एक्सप्रेस मुम्बई से हुई शुरू
270 यात्रियों को लेकर 5 अक्टूबर को योगनगरी ऋषिकेश स्टेशन पहुंचेगी ट्रेन

ऋषिकेश, केदारनाथ (हेली द्वारा), श्री कार्तिक स्वामी मंदिर, बद्रीनाथ जाएंगे यात्री
देहरादून। श्री कार्तिक स्वामी मंदिर उत्तर भारत में भगवान कार्तिकेय स्वामी (मुरुगन) का एकमात्र मंदिर है। इस मंदिर का उल्लेख स्कंद पुराण में मिलता है। यह मंदिर रूद्रप्रयाग जिले के कनकचोरी गांव में क्रौंच पर्वत पर स्थित है। क्रौंचगिरि नाम का एक ऐसा ही मंदिर कर्नाटक के बेल्लारी जिले में मौजूद है जो सांस्कृतिक संबंध को दर्शाता है।
सांस्कृतिक संबंध को मजबूत करने के लिये आईआरसीटीसी के सहयोग से उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने एक नई पहल की है।
उत्तराखंड के लिए बद्री केदार कार्तिक स्वामी एक्सप्रेस मुम्बई से शुरू की गई है, जो 270 यात्रियों को लेकर 5 अक्टूबर को योगनगरी ऋषिकेश स्टेशन पहुंचेगी।
सीएम धामी ने खुशी जताई और विभिन्न राज्यों से आने वाले सभी मेहमानों का स्वागत किया। उन्होंने उल्लेख किया कि उत्तराखंड सरकार देश के विभिन्न हिस्सों से पर्यटकों को उत्तराखंड में आस्था के केंद्रों और छिपे हुए रत्नों की यात्रा की सुविधा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। श्री कार्तिक स्वामी मंदिर धीरे-धीरे एक लोकप्रिय तीर्थ स्थल बनता जा रहा है और सरकार आसपास के गांवों में पर्यटक सुविधाएं बढ़ाने की योजना बना रही है।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि यह पर्यटक ट्रेन उत्तराखंड के व्यंजनों और संस्कृति के साथ-साथ अपने अल्प ज्ञात स्थलों को बढ़ावा देने के लिए किसी भी राज्य सरकार की और से देश में पहली तरह की पहल है। ट्रेन का बाहरी हिस्सा उत्तराखंड का एक बहुरूपदर्शक है, जिसमें ट्रेन के कोचों के बाहरी हिस्से पर इसके तीर्थ केंद्रों, व्यंजनों, प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया गया है। एसी किचन कार में यात्रियों को अन्य लोकप्रिय व्यंजनों के साथ-साथ उत्तराखंडी व्यंजन भी परोसे जाते हैं। स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए गंतव्यों पर स्थानीय गाइडों की सेवाओं का उपयोग किया जाता है।




