उत्तराखण्ड

गैरसैंण को 231.91 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, सीएम धामी ने किया लोकार्पण-शिलान्यास

197.87 करोड़ की छह योजनाओं का शिलान्यास

34.04 करोड़ की छह योजनाओं का लोकार्पण; पेयजल, सड़क, शिक्षा और सुरक्षा सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा

गैरसैंण । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में जनपद चमोली के लिए 231.91 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई छह योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन योजनाओं से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति, सड़क संपर्क, शिक्षा, भू-धंसाव से सुरक्षा और पुलिस एवं अग्निशमन सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने गैरसैंण शहर और आसपास के क्षेत्रों की पेयजल समस्या के समाधान के लिए रामगंगा नदी पर बांध निर्माण की 122.69 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास किया। इसके साथ ही कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में 50.18 करोड़ रुपये की लागत से भू-धंसाव से बचाव संबंधी कार्यों की आधारशिला रखी। इन योजनाओं को क्षेत्र की बुनियादी जरूरतों और स्थानीय आबादी की सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
शिलान्यास की गई अन्य योजनाओं में 12.16 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन का निर्माण तथा बछुवाबाण स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में 22.75 लाख रुपये की लागत से भवन अनुरक्षण कार्य शामिल हैं। सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए 6.99 करोड़ रुपये की लागत से कुमोली रैवान मोटर मार्ग के दूसरे किलोमीटर से फरखण्डे मोटर मार्ग तक तथा 5.60 करोड़ रुपये की लागत से गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग के दूसरे किलोमीटर से कुमोली रैवान मोटर मार्ग तक संबंधित कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई छह योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें 14.82 करोड़ रुपये की लागत से खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग (बछुवाबाण-चौखुटिया) का उच्चीकरण प्रमुख है। इसके अलावा राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ऑडिटोरियम भवन जनता को समर्पित किया गया।
सड़क सुविधाओं के विस्तार के तहत सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के छठे से 11वें किलोमीटर तक 4.03 करोड़ रुपये की लागत से सुधार एवं डामरीकरण कार्य पूरा किया गया है। वहीं, कारगिल शहीद रणजीत सिंह (आगर-जिनगोड़) मोटर मार्ग के पहले से आठवें किलोमीटर तक 2.17 करोड़ रुपये की लागत से सुधार, डामरीकरण एवं नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया गया।
पुलिस और अग्निशमन सुविधाओं को मजबूती
गैरसैंण में कानून-व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित फायर यूनिट भवन तथा 4.24 करोड़ रुपये की लागत से बने थाना गैरसैंण भवन का भी लोकार्पण किया। इन सुविधाओं से क्षेत्र में अग्निशमन सेवाओं और पुलिस के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इन विकास योजनाओं से गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। पेयजल योजना से स्थानीय आबादी की जल आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी, जबकि भू-धंसाव से बचाव के कार्य सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण होंगे। सड़क सुधार एवं उच्चीकरण से आवागमन सुगम होगा और शैक्षिक संस्थानों के साथ पुलिस एवं अग्निशमन सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button