एक कावडिये को बचाने के प्रयास में चार कांवडियों की गई जान

चंडीगढ़ से गंगाजल लेने आए 17 सदस्यीय कांवड़ दल पर टूटा दुखों का पहाड़
पुल जटवाड़ा के पास गंगनहर में गहरे गड्ढे में डूबे चारों साथी
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। चंडीगढ़ से कांवड़ लेने हरिद्वार आए चार किशोरों की शुक्रवार को ज्वालापुर क्षेत्र स्थित पुल जटवाड़ा के पास गंगा नहर में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब नहाते समय एक किशोर गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए तीन अन्य साथी भी नहर में कूद पड़े, लेकिन गहरे गड्ढे और तेज बहाव की चपेट में आने से चारों की जान चली गई। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे कांवड़ दल में मातम छा गया।
चारों मृतक चंडीगढ़ के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान शिवांशु पुत्र पवन सिंह, नितेश पुत्र राजेश, भरत पुत्र हरिश तथा रोहित पुत्र भवानी प्रजापति के रूप में हुई है। सभी 17 सदस्यीय कांवड़ियों के दल के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेने आए थे।
एक साथी को बचाने उतरे, चारों नहीं लौट सके
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुल जटवाड़ा के समीप गंगनहर में एक स्थान पर गहरा गड्ढा बना हुआ है। नहाने के दौरान एक किशोर अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए तीन अन्य साथी भी बिना देर किए नहर में उतर गए, लेकिन वे भी गहराई और तेज बहाव की चपेट में आ गए। देखते ही देखते चारों पानी में समा गए। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद चारों किशोरों के शव गंगनहर से बाहर निकाले गए। पुलिस ने पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कांवड़ दल का रो-रोकर बुरा हाल
एक साथ चार साथियों की मौत से 17 सदस्यीय कांवड़ दल सदमे में है। पूरे दल का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में भी कोहराम मच गया। पुलिस ने लोगों से गंग नहर में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतने और केवल सुरक्षित स्थानों पर ही उतरने की अपील की है।



