ई-रिक्शा में सवारी को लूटने वाले तीन गिरफ्तार

आरोपितों के कब्जे से लूटा गया सामान बरामद
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने ई-रिक्शा में सवारी को सुनसान रास्ते पर ले जाकर नुकीली वस्तु के बल पर लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई 10 हजार रुपये की नगदी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, जूते समेत लूट में इस्तेमाल ई-रिक्शा और लोहे के औजार बरामद किए हैं। मामले की जानकारी एसपी सिटी अभय कुमार ने पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर की रात पवन कुमार, हाल निवासी महादेवपुरम सिडकुल, राजा बिस्कुट चौक से हरिद्वार जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुआ था। सेक्टर-4 चौक से आगे केवी स्कूल की ओर जाने वाले सुनसान रास्ते पर ई-रिक्शा चालक और उसमें पहले से बैठे दो युवकों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने पेट पर नुकीली वस्तु लगाकर जान से मारने की धमकी दी और उससे 10 हजार रुपये नगद, बैग, कपड़े, जूते तथा जरूरी दस्तावेज लूट लिए।
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर घटना के शीघ्र खुलासे के लिए रानीपुर पुलिस और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और पुराने अपराधियों से पूछताछ के साथ अन्य सुराग जुटाने शुरू किए। जांच के दौरान 13 सितंबर की रात पुलिस टीम को लीडो क्लब की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक सुनसान स्थान में ई-रिक्शा में तीन संदिग्ध युवक बैठे मिले। पुलिस ने तीनों को रोककर पूछताछ और तलाशी ली तो उनके पास से दस हजार रुपये नगद, पीड़ित के आधार कार्ड और पैन कार्ड, एक लोहे का फर्सा, लोहे का एंगल और चमड़े के जूते बरामद हुए।
पुलिस की सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल करते हुए बताया कि वे रात के अंधेरे में अकेली सवारी को ई-रिक्शा में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाते थे और डराकर उससे लूटपाट करते थे। पुलिस के मुताबिक, राजा बिस्कुट चौक से युवक को ई-रिक्शा में बैठाने के बाद शिव मंदिर के पास उसे धमकाकर लूट की गई थी।
लूटी गई जींस ने भी खोला राज। पूछताछ के दौरान जब पुलिस ने लूटे गए कपड़ों के बारे में जानकारी ली तो आरोपी आयुष उर्फ अनिकेत ने बताया कि पीड़ित से लूटी गई जींस उसी ने पहन रखी है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया सामान और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा कब्जे में ले लिया है। आरोपियों ने लालच, नशे और अपने शौक व खर्च पूरे करने के लिए लूट की वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपियों में श्रवण कुमार (19), विजय (20) और आयुष उर्फ अनिकेत (20) शामिल हैं। आरोपी विजय के खिलाफ रानीपुर थाने में पूर्व में शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा भी दर्ज है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दस हजार नगद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, लोहे का फर्सा, लोहे का एंगल, चमड़े के जूते और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी, उपनिरीक्षक सुधांशु कौशिक, अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल, हेड कांस्टेबल जगदेव, कांस्टेबल विवेक गुसाईं, पीएस दानू और सर्वजीत सिंह शामिल रहे। वहीं सीआईयू टीम का नेतृत्व निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट ने किया।




