10 हजार की रिश्वत लेते हुए महिला एएसआई गिरफ्तार

हरिद्वार। जनपद के रानीपुर कोतवाली में तैनात एक महिला एएसआई को विजिलेंस ने 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। महिला एएसआई पर दूसरे पक्ष के साथ लेनदेन के विवाद में शिकायतकर्ता का समझौता कराकर मामला निपटाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। विजिलेंस ने शिकायत की जांच के बाद कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। महिला एएसआई की गिरफ्तारी शहर कोतवाली क्षेत्र से की गई है।
विजिलेंस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि रानीपुर कोतवाली में तैनात एएसआई उससे मामले का निपटारा कराने के नाम पर 10 हजार रुपए की रिश्वत मांग रही है। शिकायतकर्ता का दूसरे पक्ष के साथ लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि महिला एएसआई मामले में समझौता कराने के एवज में रिश्वत की मांग कर रही थी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले की जांच की। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर देहरादून के निर्देश पर ट्रैप टीम गठित की गई और एएसआई को पकड़ने की योजना बनाई गई। आज शनिवार को विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाया।
शिकायतकर्ता को महिला के बताए पते के अनुसार हरिद्वार बुलाया। हरिद्वार में जैसे ही महिला एएसआई ने रिश्वत मांगी, तभी कार्रवाई करते हुए एएसआई को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।



