मेला अस्पताल में तोड़फोड़ हंगामा करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। जिला चिकित्सालय मेला अस्पताल के आकस्मिक कक्ष में तोड़फोड़, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 20 सितंबर को मेला अस्पताल के आकस्मिक कक्ष में कुछ लोगों ने हंगामा करते हुए तोड़फोड़ और मारपीट की थी। इस संबंध में उप जिला मेला चिकित्सालय के डॉ. दीपक पांडे ने 21 सितंबर को कोतवाली नगर में तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर एसपी सिटी और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सुरागरसी-पतारसी के आधार पर पुलिस ने 25 सितंबर को अमन उर्फ टांका (26) निवासी वाल्मीकि बस्ती बिल्केश्वर रोड, हरिद्वार, तुषार (23) निवासी रेलवे कॉलोनी, हरिद्वार, राहुल बोरा उर्फ चंपा (24) निवासी चंपावत, हाल निवासी वाल्मीकि बस्ती मेला हरिद्वार और अंकित (29) निवासी वाल्मीकि बस्ती मेला अस्पताल हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अनुज चौटाला और मनीष के बीच हुए विवाद के बाद अनुज चौटाला के कहने पर अस्पताल में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नंदकिशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, कांस्टेबल जीवन तिवारी और कांस्टेबल हसलवीर शामिल रहे।


