स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का समापन, प्रमाण-पत्र वितरित

बहादराबाद (बी बी चंदेला) । उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के शिक्षाशास्त्र विभाग द्वारा आयोजित साप्ताहिक स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का समापन प्रातः ध्वज-प्रार्थना, ध्वजारोहण एवं प्रमाण-पत्र वितरण के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रभारी विभागाध्यक्ष प्रो. विंदुमती द्विवेदी ने कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को विकसित करता है।
पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. अरविंद नारायण मिश्र ने इसे सेवा, संयम और राष्ट्रप्रेम से जोड़ने वाला प्रशिक्षण बताया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. सुमन प्रसाद भट्ट ने कहा कि शिक्षा के साथ सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों का समावेश आवश्यक है। सत्र संयोजक श्रीमती मीनाक्षी सिंह रावत ने बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों ने अनुशासन, समूह-कार्य, प्राथमिक उपचार और आत्मनिर्भरता का व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त किया।प्रशिक्षक श्री पुरवेन्द्र कुमार शर्मा ने कहा कि यह प्रशिक्षण युवाओं में साहस, धैर्य और त्वरित निर्णय क्षमता का विकास करता है। श्री महिपाल ने स्काउट-गाइड को सेवा और समर्पण की भावना से युक्त बताया, जबकि डॉ. शकुन ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मबल और सामाजिक संवेदनशीलता का विकास करते हैं।
समापन समारोह में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का समापन सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभावना के संकल्प के साथ हुआ।कार्यक्रम में श्रीमती अनीता कुकरेती सम्मलित हुई।




