अमेठी एसडीएम कोर्ट का पेशकार रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा गया, पक्ष में निर्णय कराने के मांगे थे 20 हजार रुपये
एंटी करप्शन टीम पेशकार योगेश श्रीवास्तव से मुंशीगंज थाने में कर रही है पूछताछ

अमेठी। अमेठी एसडीएम कोर्ट के पेशकार को सोमवार की दोपहर एंटी क्रप्शन टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोचा है। पकड़ने के बाद आरोपी को मुंशीगंज थाने ले जाया गया। जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
सूत्र बताते हैं कि एसडीएम कोर्ट के पेशकार ने वादी से 20 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। इसके चलते वादी ने पेशकार को 15 हजार रुपये पहले ही ले लिए थे। सोमवार को उसे फिर पांच हजार रुपये देने थे। रुपये देने से पहले वादी ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की।
शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन टीम ने दोपहर को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पेशकार योगेश श्रीवास्तव को रंगे हाथ दबोच लिया। पकड़ने के बाद आरोपी को एंटी करप्शन टीम मुंशीगंज थाने ले गई है। जहां उससे पूछताछ की जा रही है। एसडीएम अमेठी आशीष कुमार सिंह का कहना है कि जानकारी मिली है। पेशकार योगेश श्रीवास्तव को एंटी क्रप्शन टीम ने रिश्वत लेते हुए पकड़ा है।




