अमेठी: खेत की रखवाली कर रहे बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत, शरीर पर मिले चोट के निशान, मामला संदिग्ध

अमेठी। अमेठी जिले के मुसाफिरखाना इलाके में खेत की रखवाली करने गए बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस घटना को हत्या का संदिग्ध मामला बता रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के निजामुद्दीनपुर गांव निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग कल्पनाथ यादव रविवार की रात खेत की रखवाली के लिए गए थे। सोमवार सुबह जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजन उन्हें खोजते हुए करीब 11 बजे खेत पहुंचे। जहां रामकल्प का शव चारपाई पर पड़ा मिला।
कल्पनाथ यादव के सिर और शरीर पर चोट के कई निशान थे जिससे माना जा रहा है कि बुजुर्ग की हत्या कर दी गई है। परिवार के लोग भी हत्या का आरोप लगा रहे हैं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक हत्या से संबंधित तहरीर नहीं दी थी। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
सीओ अतुल सिंह, एसएचओ विवेक सिंह ने मौके पर पहुंच कर जांच की है। सीओ अतुल सिंह का कहना है कि मामला संदिग्ध है। अभी तहरीर नही मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।




