बरेली बवाल का मुख्य साजिशकर्ता मौलाना तौकीर रजा समेत 8 गिरफ्तार
डीआईजी बोले- लोगों को मैसेज भेज भड़काया गया

बरेली। बरेली में पुलिस ने शनिवार को बवाल के आरोपी मौलाना तौकीर रजा खां समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि शुक्रवार को नमाज के बाद अलग-अलग जगहों पर हिंसक प्रदर्शन हुआ। इसमें अब तक कुल 10 एफआईआर दर्ज की गई हैं। कोतवाली में पांच, बारादरी में दो, थाना किला, प्रेमनगर और कैंट में एक-एक एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मौलाना तौकीर रजा समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस 39 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस पर पथराव करने वाले आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। बवाल के करीब दो हजार आरोपी बताए जा रहे हैं।


डीआईजी अजय कुमार साहनी ने कहा कि अब सारी चीजें सामान्य हैं। बवाल के मामले में अब तक कुल दस एफआईआर दर्ज की गई हैं। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। अभी तक कुल 39 लोगों को चिह्नित किया गया है। मुख्य साजिशकर्ता के तौर पर मौलाना तौकीर रजा खां का नाम सामने आया है। मौलाना समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

लोगों को मैसेज भेजकर भड़काया गया
डीआईजी ने कहा कि व्हाट्सएप ग्रुप से पहले मैसेज जारी किए गए, फिर उनका खंडन किया गया। लोगों को मैसेज करके भड़काया गया। मौके पर जो लोग पहुंचे। उनके पास से भारी मात्रा में हथियार मिले। इन सारे तथ्यों को देखते हुए लग रहा है कि यह सुनियोजित साजिश है। पहले से ही तैयारी करके घटना की गई। फायरिंग और पथराव में 22 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। मौके से खोखे और पेट्रोल की बोतलें भी बरामद हुई हैं।






